: नाबालिग बालिका को नागपुर से किया गया बरामद,अपहरण कर ले जाने वाले आरोपी को किया गया गिरफ्तार
Tue, Dec 19, 2023
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज बिलासपुर श्री अजय कुमार यादव द्वारा बिलासपुर रेंज में लंबित गुमशुदगी के प्रकरणों की समीक्षा उपरांत समस्त लंबित गुम इंसान को दस्तयाब किए जाने हेतु दिशा निर्देश दिया गया था, जो पुलिस अधीक्षक कोरबा जितेंद्र शुक्ला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री अभिषेक वर्मा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा भूषण एक्का के पर्यवेक्षण में नाबालिक बालकों की बरामदगी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।इसी अभियान के परिपालन में चौकी प्रभारी सीएसईबी उप निरीक्षक नवीन पटेल द्वारा अपने मातहत स्टाफ एवं साइबर सेल टीम के साथ मिलकर चौकी सीएसईबी क्षेत्र अंतर्गत से दिनांक 24.10.2023 से लापता हुई एक नाबालिक बालिका को अपहरण कर ले जाने वाले आरोपी सावन सारथी नामक युवक के कब्जे से दिनांक 17.12.2023 को नागपुर से बरामद कर लाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया है।प्रकरण में पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर दिनांक 27.10.2023 को अपराध क्रमांक 478/2023 धारा 363 ipc पंजीबद्ध किया गया था। अतः वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने उपरांत आरोपी सावन सारथी पिता संतराम सारथी उम्र 19 साल निवासी वाल्मीकि आवास पंपहाउस कोरबा को आज दिनांक 19.12.2023 को गिरफ्तार कर न्यायिक डिमांड पर माननीय न्यायालय पेश किया गया एवं जेल वारंट बनने से जिला जेल कोरबा में दाखिल किया गया है।संपूर्ण कार्यवाही में चौकी प्रभारी सीएसईबी उप निरीक्षक नवीन पटेल, सहायक उप निरीक्षक छेदीलाल जाटवर, आरक्षक पुरुषोत्तम मुखर्जी एवं साइबर सेल टीम कोरबा से आरक्षक डेमन ओग्रे महिला आरक्षक रेनू टोप्पो की सराहनीय भूमिका रही है
: छग विधानसभा में विपक्ष की सशक्त भूमिका निभाएगी कांग्रेस : डॉ. महंत
Tue, Dec 19, 2023
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के द्वारा डॉ. चरणदास महंत को छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए नेता प्रतिपक्ष बनाया है। उक्ताशय का पत्र संगठन के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जारी किया है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष व सक्ती विधायक डॉ. चरणदास महंत को छग विधानसभा का नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर प्रदेश भर के कांग्रेसियों सहित कोरबा लोकसभा व सक्ती विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने हर्ष जताते हुए कहा कि भारत सरकार में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सहित लोकसभा व विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य के रूप में अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने वाले डॉ. चरणदास महंत को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने से विपक्ष अपनी मजबूत भूमिका विधानसभा में निभाएगा। डॉ. महंत के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के ज्वलंत विषयों पर कांग्रेस के विधायक अपनी बात पुरजोर तरीके से रख सकेंगे। डॉ. महंत के अनुभव का पूरा-पूरा लाभ नेता प्रतिपक्ष के तौर पर निश्चित ही सदन को प्राप्त होगा। डॉ. महंत को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने से प्रदेश भर के कांग्रेस संगठन और कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। डॉ. महंत ने नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस के यूपीए की चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल व प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित छग विधानसभा के निर्वाचित कांग्रेस के सदस्यों के प्रति आभार जताया है।
----------
: भागवत कथा श्रवण करने पहुंचीं सांसद ज्योत्सना महंत
Tue, Dec 19, 2023
कोरबा। वासन परिवार द्वारा घंटाघर ओपन थिएटर कोरबा में आयोजित हो रहे श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह में कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत भी शामिल हुई।
सांसद ने कथा स्थल पर पहुंचकर व्यासपीठ से भागवत भगवान एवं कथाचार्य पवन कृष्ण गोस्वामी से आशीर्वाद लिया। सांसद का व्यासपीठ से सम्मान किया गया। इसके पश्चात सांसद ने श्रोताओं के साथ बैठकर कथा का श्रवण किया। सांसद ने इस अवसर पर कहा कि श्रीमद भागवत कथा का आयोजन समय-समय पर होते ही रहना चाहिए। इससे धार्मिक भावना और प्रबल होने के साथ-साथ वर्तमान पीढ़ी को अपने आराध्यों को जानने और जुडऩे का अवसर भी प्राप्त होता है। उन्होंने भागवत कथा आयोजन के लिए वासन परिवार को साधुवाद भी दिया। इस अवसर पर महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व महापौर श्रीमती रेणु अग्रवाल, वरिष्ठ नेत्री श्रीमती उषा तिवारी भी सांसद के साथ उपस्थित रहे।