: जिले में 14 अभ्यर्थियों ने लिए नामांकन पत्र
Wed, Oct 25, 2023
कोरबा 23 अक्टूबर 2023/ विधानसभा निर्वाचन 2023 के संदर्भ में कोरबा जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए आज नामांकन की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई। आज कुल 14 नाम निर्देशन पत्र खरीदे गए। अब तक जिले में कुल 40 व्यक्तियों ने नाम-निर्देशन पत्र लिए हैं एवं 02 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र जमा किए हैं।
आज विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-20 रामपुर के लिए 03, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-21 कोरबा के लिए 04, क्रमांक-22 कटघोरा के लिए 05 तथा विधानसभा क्रमांक-23 पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र के लिए 02 नाम निर्देशन पत्र अभ्यर्थियों द्वारा लिया गया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ कुमार की देखरेख तथा दिशा निर्देशन में आज जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा नामांकन प्रक्रिया की कार्यवाही प्रारंभ की गई। नामांकन प्रक्रिया के प्रथम दिन आज कुल 14 नाम निर्देशन पत्र निर्वाचन कार्यालय से इच्छुक अभ्यर्थियों ने क्रय किया। साथ ही जिले में आज 02 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र जमा किया। नामांकन जमा करने वाले अभ्यर्थियों में रामपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 20 से भारतीय जनता पार्टी से श्री ननकीराम कंवर एवं कटघोरा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 22 से इंडियन नेशनल कांग्रेस से श्री पुरुषोत्तम कंवर शामिल हैं।
: पेडन्यूज को किया गया चिन्हित, परीक्षण कर नोटिस जारी करने के निर्देश
Wed, Oct 25, 2023
कोरबा 24 अक्टूबर 23/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर ने निर्वाचन आयोग द्वारा सौंपे गए दायित्वों के बारे में बताया और उनका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एमसीएमसी के गठन की जरूरत और इसके कामकाज के बारे में विस्तार से बताया। समिति की बैठक में बताया गया कि एमसीएमसी का कामकाज आचार संहिता के प्रभावशील होने के साथ ही शुरू हो गया है। प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया और इलेक्ट्रानिक मीडिया ईकाई द्वारा प्रतिदिन प्रकाशित और प्रसारित समाचारों के साथ विज्ञापनों पर सत्त निगरानी रखने के साथ अखबारों के कतरन, स्क्रीन शॉट और विजुअल संग्रहित किए जा रहे हैं। टीम द्वारा प्रतिदिन प्रकाशित होने वाले 9 प्रातःकालीन तथा सांध्य समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया में प्रकाशित राजनीतिक समाचारों को चिन्हित किया गया है। पार्टियों द्वारा घोषित उम्मीदवारों और राजनीतिक व्यक्तियों द्वारा मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से प्रकाशित एक जैसे समाचारों को चिन्हित कर पेडन्यूज के रूप में रखने और संबंधित को नोटिस जारी करने के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी कतरनों का परीक्षण कर नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने निर्देशित किया कि मीडिया को जारी होने वाले विज्ञापनों और पेड न्यूज पर कड़ी नजर रखे। बैठक में बताया गया कि लगभग 50 से अधिकारियों की टीम हर पल की खबर पर निगरानी रख रहे हैं। चुनाव संपन्न होने तक सभी चैनलों के प्रसारण को देखा जा रहा है। प्रमाणन की जरूरत इलेक्ट्रानिक मीडिया सहित केबल, रेडियो, ई पेपर, सिनेमा घर और सार्वजनिक दृश्य श्रव्य माध्यमों के लिए होगा। सभी तरह की मीडिया में जारी होने वाले विज्ञापनों का कन्टेन्ट आदर्श आचरण संहिता के अनुरूप होना चाहिए। अन्यथा इसकी प्रकाशन प्रसारण अनुमति नहीं दी जायेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पेड न्यूज के बारे में बताया कि पेड न्यूज (क्रीत समाचार) से तात्पर्य समाचार पत्रों में प्रकाशित उन समाचारों से है, जो वास्तव में किसी दल अथवा प्रत्याशी द्वारा अपने लाभ के लिए प्रायोजित किए जाते हैं।
कलेक्टर ने बताया कि निर्वाचन संबंधी किसी भी विज्ञापन, पोस्टर, पर्चा अथवा अन्य किसी भी अभिलेख में प्रकाशक एवं प्रिंटर का नाम और पता छपा होना चाहिए। ऐसा नहीं पाये जाने पर सजा अथवा जुर्माना हो सकता है। भारतीय दण्ड संहिता की धारा 171 एच के अंतर्गत किसी प्रत्याशी की सहमति के बिना उसके लाभ के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया जाता है तो यह अवैध होगा। बैठक में अपर कलेक्टर श्री दिनेश कुमार नाग, समिति के सदस्य श्री निलेश कुजूर, श्री हेमंत जायसवाल, श्री कमलज्योति, डॉ. राजेश सक्सेना, नोडल अधिकारी श्री सेवाराम दीवान, श्री विनोद सिंह, डॉ. एम. महतो उपस्थित थे।
: कोरबा पुलिस ने विजया दशमी पर पुलिस लाइन में किया मंत्रोच्चार के साथ शस्त्र पूजा
Tue, Oct 24, 2023
दिनाँक 24/10/23 को पुलिस विभाग ने परंपरा के अनुसार पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन किया। इसके लिए पुलिस लाइन में पहले से ही पूरी तैयारी कर ली गई थी। पुलिस लाइन में विभिन्न प्रकार के शस्त्रों को भी रखा गया था। पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र शुक्ला व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्धारित समय पर पहुंचने के साथ ही विधि विधान से शस्त्र पूजन किया गया। हवन व आरती के पश्चात वहां उपस्थित पुलिस अधिकारियों व जवानों के अलावा अन्य गणमान्य नागरिकों को प्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही पुलिस के अधिकारियों द्वारा पुलिस लाइन में ही हवाई फायरिंग की गई। शस्त्र पूजन के संबंध में कई किवदंती प्रचारित है। जानकारों की मानें तो भगवान श्रीरामचंद्र द्वारा लंका के राजा रावण का वध दशहरा के दिन किया गया था। इस जीत के बाद भगवान श्रीराम द्वारा असत्य पर सत्य को जीत दिलाने वाले शस्त्रों की पूजा की गई थी। इसी तरह वर्षों पहले से ही शस्त्रों की पूजन करने की परंपरा चली आ रही है। बताया जा रहा है कि शस्त्रों के पूजा के पीछे आमजन की सुरक्षा व शांति स्थापित करने की कामना होती है। भारत में भी वर्षो से यह परंपरा रही है कि अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग निर्बल व असहाय लोगों की सुरक्षा के साथ ही समाज में शांति व्यवस्था कायम रखने की जाए। यह परंपरा को पुलिस विभाग द्वारा आज भी निभाया जा रहा है। इसी के अनुसार सभी क्षेत्रों में विधिविधान के साथ मंत्रोच्चार करते हुए शस्त्रों की पूजा की जाती है। पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक महोदय श्री जितेंद्र शुक्ला , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिषेक वर्मा, के अलावा नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री भूषण एक्का , उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती प्रतिभा मरकाम , नगर पुलिस अधीक्षक दर्री श्री रॉबिंसन गुड़िया , एसडीओपी कटघोरा श्री पंकज ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री शिवचरण सिंह परिहार, उप पुलिस अधीक्षक श्री बेंडट्रिक मिंज ,उप पुलिस अधीक्षक श्री आई.तिर्की , रक्षित निरीक्षक श्री अनंत राम पैंकरा, डी एस बी प्रभारी कोरबा निरीक्षक सनत सोनवानी, नगर कोतवाल रूपक शर्मा, सिविल लाइन रामपुर प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पांडे, थाना प्रभारी कटघोरा तेज कुमार यादव, थाना प्रभारी उरगा निरीक्षक युवराज तिवारी,थाना प्रभारी दर्री निरीक्षक चमनलाल सिंह ,थाना प्रभारी करतला प्रमोद डडसेना ,चौकी प्रभारी मानिकपुर उप निरीक्षक प्रेमचंद साहू, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सीएसईबी नवीन पटेल, आरमोरर शाखा प्रभारी अंगध्वज राठौर एवम् अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।