: 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के दिन शुष्क दिवस घोषित
Sat, Aug 12, 2023
कोरबा 12 अगस्त 2023/कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री सौरभ कुमार ने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर शुष्क दिवस घोषित किया है। उन्होंने उक्त तिथि को जिले में स्थित समस्त देशी-विदेशी मदिरा दुकानें, एफ.एल.-3, एफ.एल.-3 (क), मद्यभाण्डागार एवं भांग घोटा की फुटकर दुकानों को पूर्णतः बंद रखने हेतु निर्देशित किया है। उक्त अवधि में मदिरा का संव्यवहार पूर्णतः प्रतिबंधित रखते हुए उक्त आदेश कड़ाई से पालन कराने साथ ही अवैध शराब परिवहन, विक्रय एवं संग्रहण के विरूद्ध कड़ाई से कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
: मेरी माटी मेरा देश अभियान: वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए स्थापित की जा रही शिलाफलकम्
Sat, Aug 12, 2023
कोरबा 12 अगस्त 2023/मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत जिले में शहरी क्षेत्र से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि देने के लिए जिले के सभी ग्राम पंचायतों में शिलाफलकम (शिला-पट्टिका) की स्थापना की जा रही है।
कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने निर्देशित किया है कि मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत, विकासखण्ड, शहरी, स्थानीय निकाय में शिलाफलकम समारोह आयोजित किया जाए। उल्लेखनीय है कि केंद्र एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार देश की आजादी के 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश में मनाया जा रहा है। विगत दो वर्षाे से चल रहे इस कार्यक्रम का समापन मेरी माटी मेरा देश अभियान के रूप में होगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े वीरों का सम्मान करना जिन्होंने हमारे भविष्य के लिए अपना आज त्याग दिया।
सीईओ श्री विश्वदीप ने बताया कि ग्राम पंचायतों में देश की आजादी के लिए बलिदान हुए प्रत्येक वीरों के नामों की पट्टिका लगाई जा रही है और देश की स्वतंत्रता को बनाए रखने में अपनी शहादत की आहूति दिए जाने वाले जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, देश की रक्षा से जुड़े जवानों, केंद्रीय अर्धसैनिक बल और राज्य पुलिस बल से जुड़े हुए जवानों जिन्होंने अपने प्राणों की आहूति दी है उनका नाम शिलाफलकम में रहेगा। शिलाफलकम का लोकार्पण समारोह सभी ग्राम पंचायतों में 09 अगस्त से 15 अगस्त तक किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान भी गाया जाएगा। शिलाफलकम में प्रधानमंत्री का संदेश - ‘प्रत्येक दिन मातृभूमि के लिए जीना, समय के प्रत्येक क्षण एवं जीवन प्रत्येक कार्य को देश के लिए समर्पण करना ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी’ उल्लेखित किया गया है। ग्राम पंचायत नकटीखार, बरीडीह, अमझर(अ), गिधमुड़ी, पंडरीपानी, कटबितला आदि ग्राम पंचायतों में शिला-पट्टिका स्थापित की गई है। महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत निर्मित अमृत सरोवर के समीप मनरेगा के द्वारा शिलाफलकम् स्थापित की जा रही है।
: अम्बेडकर स्टेडियम बालको में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
Sat, Aug 12, 2023
कोरबा 12 अगस्त 2023/कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ कुमार के निर्देशन में जिला नोडल स्वीप व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विश्वदीप की उपस्थिति में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत आज बालको के अम्बेडकर स्टेडियम में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सीमा पात्रे सहित जनप्रतिनिधि, बालको के अधिकारी-कर्मचारी, श्रमिक, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं नागरिकगण उपस्थित थे।
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं एवं बालको औद्योगिक संस्थान के श्रमिकों ने मानव श्रृंखला का निर्माण कर मतदान करने का संदेश दिया। सीईओ श्री विश्वदीप ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं तथा नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूकता, मतदान से लोकतंत्र को मजबूत करने की शपथ दिलाई। स्कूली छात्र-छात्राओं ने मतदान जागरूकता संबंधी स्लोगन- छोड़कर अपने सारे काम, सबसे पहले करें मतदान, मोर वोट मोर अधिकार, युवा हो या सियान-सब ला करना हे मतदान की तख्ती लेकर जागरूकता रैली निकाली।
सीईओ श्री विश्वदीप ने उपस्थित सभी जन को लोकतंत्र की महत्ता की जानकारी देते हुए बताया कि जनता द्वारा जनता के लिए जनता का शासन ही लोकतंत्र है। किसी भी लोकतंत्र की मजबूती का आधार मतदान है। मतदाता की सक्रिय भागीदारी से देश का लोकतंत्र मजबूत एवं स्थायी बनता है। आप सभी अच्छे मतदाता का परिचय देते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं। साथ ही किसी भय, प्रलोभन, लालच या बहकावे में आकर मतदान नहीं करें। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सभी अपने परिवार सहित आसपास के मतदाताओं को मतदान करने हेतु प्रेरित करें। जिससे वे अपने मताधिकार का उपयोग कर देश के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन कर सके एवं लोकतंत्र की मजबूती मे भागीदार बने। उन्होंने सभी को आधुनिक दृष्टिकोण अपनाने एवं अपने मत को व्यर्थ न जाने देकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने हेतु प्रेरित किया। सीईओ श्री विश्वदीप ने उपस्थित सभी नागरिकों को एकीकृत मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने, स्थानांतरित करवाने हेतु उपयोग में आने वाले आवेदन फार्म-6, फार्म-7, फार्म-8 की उपयोगिता बताई। साथ ही उपस्थित सभी लोगों को विधानसभा निर्वाचन 2023 संबंधी संकल्प पत्र का वाचन कर संकल्प दिलाया।