: भारत न्यूजीलैंड टेस्ट मुकाबला आज से कानपुर में
Thu, Nov 25, 2021
कानपुर - भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज आज सुबह साढ़े नौ बजे से कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में होने जा रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी -20 सीरीज 3-0 से जीतने के बाद भारत दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भी कीवी टीम का सूपड़ा साफ करने उतरेगा। पहले टेस्ट में वर्ल्ड चैंपियन न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। कीवी टीम अपने पूरे दल-बल के साथ टीम इंडिया को मात देने के इरादे से उतरेगी। लेकिन टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी के बावजूद कीवी टीम की राह कानपुर के इस मैदान पर आसान नहीं होने जा रही है। ग्रीनपार्क स्टेडियम पर खेले गये पिछले तीनों टेस्ट मैच में भारत ने विपक्षी टीमों को धूल चटाया है। वर्ष 2008 में अफ्रीका , वर्ष 2009 में श्रीलंका और वर्ष 2016 में न्यूजीलैंड को भारत ने करारी शिकस्त दी थी। अहम बात ये थी कि मैच के पांचों दिन स्टेडियम में काफी संख्या में फैंस मौजूद थे। टेस्ट मैच में इतनी तादाद में दर्शकों को देखकर कई लोग चौंक गये थे , लेकिन लंबे अंतराल के बाद हो रहे किसी इंटरनेशनल मैच के लिये इस बार दर्शकों में कम दिलचस्पी नजर आ रही है। आज से शुरू हो रहे मुकाबले में भारतीय टीम ग्रीनपार्क स्टेडियम में लगातार चौथी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। ग्रीनपार्क स्टेडियम में हुये मैचों के आंकड़ों पर अगर गौर किया जाये तो इस बात का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है कि यहां पर स्पिनरों का बोलबाला रहा है। भारत के लिये यह ग्रीनपार्क स्टेडियम एक अभेद्य किला रहा है। वर्ष 1983 में भारत यहां आखरी बार वेस्टइंडीज के खिलाफ हुये टेस्ट में हारी थी। उसके बाद भारत ने यहां एक भी टेस्ट मैच नहीं हारा है। वर्ष 1983 के बाद भारत ने आठ टेस्ट मैच खेले जिसमें से भारत को पांच में जीत दर्ज हुई जबकि तीन मुकाबला ड्रा रहा। इस स्टेडियम पर भारत द्वारा खेले गये ओवरऑल टेस्ट मैच की बात करें तो यहां पर भारतीय टीम ने अब तक 22 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें से 07 में जीत और 03 में हार का सामना करना पड़ा बाकी 12 टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। दुनियां के ऑरिजिनल टेस्ट सेंटर्स में शुमार कानपुर में टीम इंडिया का बेहद शानदार रिकॉर्ड रहा है। कानपुर टेस्ट में टीम इंडिया विराट कोहली , रोहित शर्मा , केएल राहुल , ऋषभ पंत , जसप्रीत बुमराह , मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के बगैर मैदान में खेलने उतरेगी। पहले टेस्ट मैच में विराट कोहली की जगह अजिंक्य रहाणे कप्तानी करेंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज होने से ठीक पहले भारतीय टीम को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया के स्टार ओपनर लोकेश राहुल मांसपेशी में खिंचाव के चलते दोनों टेस्ट से बाहर हो गये हैं। उनके जगह टीम में सूर्य कुमार यादव को स्थान मिला है। इस टेस्ट मैच में जहां भारत के तरफ से ओपनिंग मयंक अग्रवाल और शुभमन गिल करेंगे , वहीं श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव में से एक का डेब्यू का मौका मिल सकता है।आज के टेस्ट सीरीज में श्रेयस अय्यर , केएस भरत और प्रसिद्द कृष्णा जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है।भारतीय टीम -अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा (उप-कप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), केएस भारत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, अक्षर पटेल, जयंत यादव, इशांत शर्मा, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
: भारत ने न्यूजीलैंड से मुकाबला क्लीन स्वीप कर जीता
Mon, Nov 22, 2021
कोलकाता - भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डेंस में खेला गया। सीरीज के तीसरे एवं आखिरी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 73 रनों से हरा दिया है। सीरीज के अंतिम मुकाबले में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और टीम ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 184 रन बनाये। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सेंटनर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिये। वहीं 185 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुये कीवी टीम 111 रनों पर ही सिमट गई। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल ने 33 गेंदों में अपना 20वां अर्धशतक जड़ दिया।भारत की ओर अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुये तीन विकेट चटकाये। अक्षर पटेल ने एक खास मुकाम हासिल किया। वे किसी एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गये। एक टी-20 मैच में पावरप्ले में भारत के लिये सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड रविचंद्रन अश्विन के नाम है। अश्विन ने वर्ष 2016 में विशाखापट्टनम में श्रीलंका के खिलाफ चार विकेट झटके थे। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। सुंदर ने बांग्लादेश के खिलाफ कोलंबो में तीन विकेट झटके थे। वहीं, अक्षर ने इस मैच में यह कारनामा किया। टी -20 के तीसरे मुकाबले में जीत के साथ ही भारत ने 3-0 से सीरीज पर कब्जा कर लिया है।भारत इलेवन - रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, दीपक चाहर।न्यूजीलैंड इलेवन - मार्टिन गप्टिल, डेरिल मिशेल, मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), जेम्स नीशम, मिशेल सैंटनर (कप्तान), ईश सोढ़ी, एडम मिल्ने, लॉकी फर्ग्युसन, ट्रेंट बोल्ट।
: भारत पाक के बीच महामुकाबला आज
Sun, Oct 24, 2021
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टदुबई -- टी-20 वर्ल्डकप का सबसे ज्यादा रोमांचक महामुकाबला आज भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से खेला जायेगा। टास आधे घंटा पहले यानि शाम सात बजे होगा , दोनो टीमें एक ही ग्रुप में हैं। दोनो टीमें करीब पांच साल बाद टी-20 में आमने-सामने होंगी। भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी टी-20 मुकाबला 19 मार्च 2016 को खेला गया था। तब आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के मैच में भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया था। आज का यह मैच टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत और पाकिस्तान का पहला मैच होगा जिस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। दोनों टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अब तक कुल पांच मैच खेले गये हैं , जिसमें पाकिस्तान को एक भी जीत नसीब नहीं हुई है। इस मुकाबले में भी भारत की कोशिश अपने इस विजयी सफर को जारी रखने की होगी वहीं , दूसरी ओर पाकिस्तान इस बार तस्वीर बदलने की पूरी कोशिश करेगा। ओवरऑल टी-20 में दोनों टीम आठ बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें टीम इंडिया ने सात और पाकिस्तान ने एक मैच जीता है। सात में से एक मैच (वर्ष2007) भारत ने टाई के बाद बॉल आउट में जीता था। टी-20 के अलावा वनडे वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुये हमेशा जीत हासिल की है। वर्ष 1992 से वर्ष 2019 विश्व कप के बीच दोनों टीमों के बीच कुल सात मुकाबलेे हुये हैं। सातों बार टीम इंडिया ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है। आईसीसी टूर्नामेंट की बात करें तो चैंपियंस ट्रॉफी एकमात्र टूर्नामेंट है , जिसमें पाकिस्तान भारत को हरा पाया है। इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच पांच मुकाबले हुये हैं और भारत ने इनमें से दो मैच जीते हैं , जबकि तीन मैचों में पाकिस्तान ने बाजी मारी है। आईसीसी टूर्नामेंट में भारत आखिरी बार वर्ष 2017 में पाकिस्तान से हारा था , वहीं वर्ष 2019 में पाकिस्तान को हराया था। विश्व कप में इन दोनों टीमों के बीच खेले गये मुकाबलों में सर्वाधिक रन बनाने वाले पांच बल्लेबाजों की लिस्ट को देखें तो विराट कोहली का नाम सबसे ऊपर है , जिन्होंने छह मैचों में 254 रन बनाये हैं , जबकि शोएब मलिक 164 रन के साथ दूसरे पायदान पर हैं।