: महामहिम राष्ट्रपति का दो दिवसीय छग प्रवास आज से
Fri, Oct 25, 2024
रायपुर - महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज छग की राजधानी रायपुर आएयेंगी। वे 25 एवं 26 अक्टूबर को अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान रायपुर और दुर्ग जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज 25 अक्टूबर को पूर्वान्ह लगभग सवा ग्यारह बजे विशेष विमान से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचेंगी। वहां से एम्स रायपुर जायेंगी तथा पूर्वान्ह पौने बारह बजे से पौने एक बजे तक एम्स रायपुर के द्वितीय दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। इसके पश्चात वे वहां से दोपहर एक बजे राजभवन रायपुर आयेंगी। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु राजभवन से अपरान्ह लगभग सवा तीन बजे बजे एनआईटी रायपुर जायेंगी और साढ़े तीन बजे से साढ़े चआर बजे तक एनआईटी के चौदहवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके पश्चात वे वहां से पुरखौती मुक्तांगन जायेंगी तथा संध्या सवा पांच बजे से शाम साढ़े छह बजे तक आयोजित कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना के तहत नौंवीं किश्त की राशि रिमोट का बटन दबाकर जारी करेंगी। इस योजना के तहत राज्य की सत्तर लाख महिलाओं को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रतिमाह एक हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु पुरखौती मुक्तांगन में सरगुजा प्रखण्ड का लोकार्पण तथा आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात एवं चर्चा करेंगी। इसके पश्चात वे संध्या लगभग सात बजे बजे राजभवन आयेंगी। राजभवन में निर्धारित कार्यक्रम के लिये साढ़े बजे तक का उनका समय आरक्षित रहेगा। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु राजभवन में राज्यपाल रमेन डेका द्वारा आयोजित रात्रि भोज में शामिल होंगी और राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। अपने छग प्रवास के दूसरे दिन राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 26 अक्टूबर को प्रातः लगभग सवा नौ बजे राजभवन से प्रस्थान कर गायत्री नगर रायपुर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर जायेंगी और वहां दर्शन एवं आरती के पश्चात रायपुर एयरपोर्ट जायेंगी। वहां से विशेष हेलीकॉप्टर से भिलाई के लिये प्रस्थान करेंगी। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु पूर्वान्ह सवा ग्यारह बजे से दोपहर सवा बारह बजे तक आईआईटी भिलाई के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु वहां से हेलीकॉप्टर से दोपहर एक बजे रायपुर एयरपोर्ट वापस आयेंगी और नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री के नवीन शासकीय आवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा उनके सम्मान में आयोजित दोपहर भोज में शामिल होंगी। वे अपरान्ह साढ़े तीन बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एवं आयुष युनिवर्सिटी छत्तीसगढ़ नवा रायपुर जायेंगी तथा वहां आयोजित तृतीय दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। वे संध्या लगभग सवा पांच बजे रायपुर एयरपोर्ट से विशेष विमान से नई दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगी।
: एसएसपी प्रशांत ठाकुर ने किया पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण
Fri, Oct 25, 2024
सूरजपुर - जिले के नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय प्रशांत कुमार ठाकुर (भापुसे.) ने आज विधिवत पुलिस अधीक्षक सूरजपुर का पदभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरान्त उन्होंने जिले के राजपत्रित अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उनके अधिनस्थ थाना-चौकियों की जानकारी लेते हुये क्षेत्र की गतिविधियों से अवगत हुये। बताते चलें कि प्रशांत कुमार ठाकुर वर्ष 1996 बैच के राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी है और वर्ष 2011 में आईपीएस अवार्ड हुये। इसके पूर्व वे पुलिस अधीक्षक दुर्ग , बलौदाबाजार , बेमेतरा , जशपुर , धमतरी एवं सेनानी पांचवीं वाहिनी छसबल जगदलपुर के पद पर पदस्थ रहे है। आज इनके पदभार ग्रहण करने के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो , सीएसपी एस.एस.पैंकरा , डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप , एसडीओपी सूरजपुर नंदिनी ठाकुर , डीएसपी रितेश चौधरी , रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी , थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे , स्टेनो अखिलेश सिंह सहित जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारीगण मौजूद रहे।
: जमीन खरीदी - बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी करने के दो आरोपी जेल दाखिल
Fri, Oct 25, 2024
बलौदाबाजार भाटापारा - जमीन खरीदी - बिक्री के नाम पर छलपूर्वक चार लाख रूपये की धोखाधड़ी करने के दो आरोपियों को थाना लवन पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुये बारह घंटे के भीतर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी संतोष कुमार ताम्रकार निवासी वार्ड क्र. 05 लवन द्वारा गत दिवस 24 अक्टूबर को थाना लवन में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि वह जमीन खरीदी बिक्री का काम करता है एवं ग्राम गिंदोला के शिवकुमार निराला को जानता पहचानता है। उसने ग्राम गिंदोला के कल्याण के साथ मिलकर पूर्णानंद पटेल ग्राम गिंदोला के नाम पर दर्ज जमीन को फर्जी तरीके से किसी अन्य व्यक्ति को छलपूर्वक पेश कर घोखाधड़ी करते हुये रकम ले लिया। आरोपियों द्वारा विगत माह 18 जून एवं 19 जून को जमीन खरीदी बिक्री के नाम पर प्रार्थी से कुल चार लाख रूपये ले लिया। रूपये वापस मांगने पर दोनों आरोपी अब बहाने बाजी कर रहे है तथा रुपये वापस नहीं कर रहे हैं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लवन में अपराध क्र. 439/2024 धारा 419 , 420 , 467, 468 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में थाना लवन से प्रधान आरक्षक मुकेश दीवान द्वारा त्वरित विवेचना कार्यवाही करते हुये आरोपीगण शिवकुमार निराला एवं कल्याण सिंह को पता तलाश कर हिरासत में लिया गया। आरोपियों से विस्तृत पूछताछ पर उनके द्वारा जमीन खरीदी बिक्री के नाम पर प्रार्थी से चार लाख रुपये की रकम लेना स्वीकार किया गया। प्रकरण में दोनों आरोपियों को थाना लवन ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।गिरफ्तार आरोपीगण -शिवकुमार निराला उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम गिंदोला थाना लवन और कल्याण सिंह नवरंगे उम्र 68 वर्ष निवासी ग्राम गिंदोला थाना लवन जिला - बलौदाबाजार भाटापारा (छत्तीसगढ़)