: पीड़ितों को न्याय दिलाना मेरी पहली प्राथमिकता - लखेश केंवट
Fri, Feb 10, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - सिटी कोतवाली की दूसरी बार कमान सम्हालने पर आज कई इंटरनेशनल चैम्पियन बेल्ट विजेता रेसलर प्रतीक तिवारी एवं संवाददाताओं ने निरीक्षक लखेश केंवट से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी।बताते चलें कि इसके पहले निरीक्षक लखेश केंवट जून 2020 में कोतवाली थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ हुये थे। उसके बाद इनका स्थानांतरण नवागढ़ , बाराद्वार , अकलतरा करते हुये वहां से रक्षित केंद्र भेज दिया गया था। जिले के तेज तर्रार पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने हाल ही में कानून व्यवस्था में कसावट लाने के लिये कर्मचारियों का तबादला किया है। इसी कड़ी में एक ओर जहां निरीक्षक लखेश केंवट को रक्षित केंद्र से एक बार फिर कोतवाली जांजगीर का प्रभार दिया गया है। वहीं दूसरी ओर कोतवाली जांजगीर में लम्बे समय से पदस्थ टीआई उमेश साहू का स्थानांतरण अकलतरा थाना किया गया है। संक्षिप्त मुलाकात के दौरान नवनियुक्त सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट ने विशेष चर्चा में अरविन्द तिवारी से कहा कि क्षेत्र में जुआ और सट्टा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पीड़ितों को न्याय दिलाने उनकी पहली प्राथमिकता होगी और गरीबों के साथ दबंग लोग अब कोई उत्पीड़न की कार्यवाही नहीं कर सकेंगे। कोतवाली निरीक्षक ने कहा कि थाना परिसर में वे गरीब एवं पीड़ितों की समस्या सुनने के लिये हमेशा उपस्थित रहते हैं और गरीबों को न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा उनका प्रयास रहता है कि गरीब और पीड़ित व्यक्ति को थाना स्तर से ही न्याय मिल जाये और वरिष्ठ अधिकारियों के पास उसको ना जाना पड़े। क्योंकि थाना नजदीक है जहाँ आने पर न्याय मिल जाये तो गरीब व्यक्ति के लिये इससे ज्यादा और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि उनका बेहतर पुलिसिंग करने का प्रयास रहेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर व देहात क्षेत्र के अपराधी व अपराध का कार्य करने वाले या जुआ , सट्टा जैसे जितने भी समाज विरोधी कार्य हैं उनको करने वाले या तो उन कार्यों को छोड़ दें अन्यथा पुलिस अब अपने स्तर से इन सभी अवैध कार्यों को बंद करायेगी। उन्होंने एक बात और स्पष्ट की है कि उनको अपराधियों के लिये सिफारिश पसंद नहीं है।
: आईजी ने ली दोष मुक्ति प्रकरणों के संबंध में समीक्षा बैठक
Thu, Feb 9, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टसरगुजा - पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग द्वारा रेंज के जिला अभियोजन अधिकारी/लोक अभियोजन अधिकारियों की दोष मुक्ति प्रकरणों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस समीक्षा बैठक में न्यायालय द्वारा अधिकांश प्रकरणों में आरोपियों के दोष मुक्ति होने के कारणों के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। आयोजित बैठक में आईजी राम गोपाल गर्ग द्वारा कहा गया कि किसी भी मामलों में प्रकरणों के विवेचकों द्वारा विवेचना में किये जाने वाले त्रुटियों को दूर करने हेतु एवं भौतिक साक्ष्यों को सावधानी से एकत्र करने हेतु अभियोजन अधिकारियों ने सुझाव दिये। होस्टाईल हो रहे प्रार्थी एवं गवाहों को उनके द्वारा दिये गये अभिमत/कथन पर कायम रहने हेतु विवेचकों को प्रकरण के प्रार्थियों के साथ लगातार सम्पर्क में रहने हेतु निर्देशित किये। जिससे की प्रकरण के प्रार्थी एवं गवाह अपने कथन को न्यायालय में निर्भीक एवं स्वतंत्र रूप से दे सके जिसके फलस्वरूप आरोपी न्यायालय से विचारणों उपरांत दोष सिद्ध हो सके एवं अपराधी द्वारा उसके किये गये अपराध की समुचित सजा मिल सके। आईजी द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि जिन प्रकरणों में एफआईआर करवाने वाले प्रार्थी जिनका न्यालयाय में 164 सीआरपीसी के अंर्तगत कथन लिया गया है , वो अगर न्यायालय में ट्रायल के दौरान होस्टाईल होते हैं तो उनके विरुद्ध धारा 182/211 आईपीसी के अंतर्गत कार्यवाही किये जानी की संभावना देखी जाये। समीक्षा बैठक के दौरान रेंज के जिला सरगुजा व सूरजपुर से आये जिला अभियोजन अधिकारी एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सरगुजा मानिक राम कश्यप , एस.एस पैकरा , सूरजपुर प्रकाश सोनी रीडर सुभाष ठाकुर मौजूद रहे।
: होटल में अवैध रूप से शराब बिक्री करने का आरोपी जेल दाखिल
Thu, Feb 9, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टबिलासपुर - मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर होटल में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री करते पाये जाने पर रेड कार्यवाही करते हुये कोनी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री पूजा कुमार ने पुलिस मीडिया ग्रुप में इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक महोदय बिलासपुर भा.पु.से. संतोष सिंह द्वारा जिला में चल रहे अवैध जुआ , सट्टा , आबकारी एवं माइनर एक्ट में आपरेशन निजात के तहत कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया गया था। जिसके परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय शहर राजेन्द्र कुमार जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक महोदया सुश्री पूजा कुमार भा.पु.से. के मार्गदर्शन पर थाना क्षेत्रों में सतत निगाह रखी गई थी। इसी कड़ी में गत 07 फरवरी को मुखबिर के जरिये सूचना मिला कि तुर्काडीह चौक में काके होटल के संचालक छेदीलाल साहू के द्वारा अवैध रूप से शराब रख कर बिक्री किया जा रहा है। मुखबिर की सूचना तस्दीक हेतु मुताबीक आदेश प्रशि. उप पुलिस अधीक्षक थाना प्रभारी कोनी नुपूर उपाध्याय के आदेश पर सहायक उप निरीक्षक भरत लाल राठौर , हमराह स्टाफ एवं एसीसीयू के संयुक्त टीम तथा गवाहों के रवाना होकर रेड कार्यवाही किया गया। इसमें मौके पर छेदीलाल साहू को पकड़कर उसके कब्जे से एक प्लस्टिक के थैले में 06 नग कंगारू बीयर प्रत्येक 650 एम०एल० , 09 नग देशी मदिरा प्लेन प्रत्येक 180 एम०एल० , 06 नग मशाला देशी मदिरा 180 एम०एल० तथा 01 नग अंग्रेजी गोवा 180 एम०एल० कुल कीमती 2820 रूपये एवं बिक्री रकम 3200 रूपये बरामद की गई है। इस मामले में विधिवत धारा 34(2) , 34(ख) आबकारी एक्ट पंजीबद्ध कर कोनी पुलिस ने आरोपी छेदीलाल साहू पिता भरत लाल साहू उम्र 52 वर्ष निवासी सेंदरी , थाना कोनी , बिलासपुर हालमुकाम तुर्काडीह चौक , काके होटल , थाना कोनी , बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।