: अजगरबहार और गढ़ उपरोड़ा के आदिवासी बालक आश्रमों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
Sun, Nov 28, 2021
कोरबा 27 नवम्बर 2021/कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने आज अजगरबहार और गढ़ उपरोड़ा वनांचल क्षेत्र में स्थित आदिवासी बालक आश्रमों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रमों में विद्यार्थियों के लिए की गई सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने दोनों ही आश्रमों में विद्यार्थियों के लिए लगाए गए बिस्तरों, पीने के पानी की सुविधा, साफ-सफाई, सुसज्जित शौचालय आदि के बेहतर इंतजाम के लिए सहायक आयुक्त श्रीमती माया वॉरियर की तारीफ की और जिले के सभी आश्रम छात्रावासों में व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आश्रमों में रहकर पढ़ रहे विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई के बारे में भी पूछा। उन्होंने बच्चों से पाठ पढ़वाये। पढ़ाई में बच्चों की स्थिति बेहतर जानकर भी कलेक्टर ने सभी बच्चों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अजगरबहार के आश्रम में बच्चों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया और सभी बच्चों को मन लगाकर पढ़ने तथा आगे बढ़ने की समझाईश दी। दोनों आश्रमों में कलेक्टर ने स्मृति स्वरूप आम के वृक्ष भी लगाए और बच्चों तथा पूरे स्टाफ के साथ फोटो भी खिंचाई।
: बालको की ‘आरोग्य’ परियोजना के अंतर्गत हुआ मितानिनों का सम्मान
Sat, Nov 27, 2021
बालकोनगर, 27 नवंबर, 2021। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने मितानिन दिवस पर मितानिनों का सम्मान समारोह आयोजित किया। मितानिनों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बालको की सामुदायिक विकास परियोजना ‘आरोग्य’ के अंतर्गत आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में मितानिनों ने भाग लिया। समारोह बालकोनगर के अनुभव भवन मंे आयोजित हुआ।बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री अभिजीत पति ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में मितानिनों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मितानिनों के सहयोग से एकत्रित आंकड़ों के जरिए बालको को स्वास्थ्य संबंधी अनेक कार्यक्रम जरूरतमंदों के लिए संचालित करने में मदद मिलती है। उन्होंने मितानिनों के सम्मान में आयोजित समारोह की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे मितानिनों में आत्मविश्वास का संचार होगा और वे अपनी कर्तव्यवपराणता से मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेंगी।बालको की आरोग्य परियोजना के अंतर्गत ग्राम चुईया और परसाभाठा में स्थापित वेदांता ग्रामीण चिकित्सालयों के जरिए संयंत्र के आसपास स्थित ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाया जा रहा है। इसके साथ ही इन केंद्रों के जरिए जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां और चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श दिए जाते हैं। वित्तीय वर्ष 2020-21 में ‘आरोग्य परियोजना’ के जरिए लगभग 24000 ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं दी गईं। वेदांता ग्रामीण चिकित्सालयों में बालको के चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों का उपचार किया जाता है। चिकित्सालयों में प्राथमिक उपचार के साथ ही तपेदिक एवं एच.आई.व्ही. एड्स के प्रति जागरूकता कार्यक्रम जिला स्वास्थ्य विभाग के समन्वयन में संचालित किए जाते हैं।
------------
: अरदा स्कूलों में मनाया संविधान दिवस, देश की गरिमा बनाए रखने का प्रण लिया।
Sat, Nov 27, 2021
अरदा:- शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय अरदा जिला कोरबा में संविधान दिवस मनाया गया ।प्रातः 11:00 बजे भारतीय संविधान के प्रस्तावना का पाठन एवम संविधान के प्रति शपथ लिया गया। भारतीय सँविधान के जनक डॉ भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र में प्राचार्य श्री व्ही बी तिर्की द्वारा माल्यार्पण किया गया। संविधान की प्रस्तावना एवम सँविधान की निर्माण पर छात्र छात्राओं द्वारा विस्तार से चर्चा एवम क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कक्षा 12 वी की छात्रा कु कामना पटेल द्वारा संविधान की विशेषता पर प्रकाश डाला गया। जिस प्रकार एक घर या विद्यालय संचालन हेतु नियम एवम अनुशासन की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार से हमारे देश की शासन चलाने के लिए संविधान की आवश्यकता हुई। वरिष्ठ व्याख्याता एम एस कंवर के द्वारा सँविधान को मान्य नियमों का समूह के रूप में परिभाषित किये। रा से यो के कार्यक्रम अधिकारी के एस कंवर के द्वारा प्रस्तावना को विस्तार से बताये। पी एल राजवाड़े स्काउट मास्टर द्वारा सभी शिक्षकों को स्काउट टिकट लगाकर संविधान के अधिकार कर्तव्य भाग एवं अनुसूचियों को विस्तार से वर्णन किये। कार्यक्रम का संचालन श्री के एस कंवर द्वारा किया गया। अंत मे प्राचार्य व्ही बी तिर्की द्वारा उद्बोधन स्वरूप संविधान के पालन करने के लिए प्रेरित किये। इस अवसर पर सभी शिक्षक शिक्षिकाएं एवम कर्मचारी उपस्थित रहे ।