: पूर्वांचल विकास समिति की हुई बैठक, छठ घाट सौंदर्यीकरण विषय पर हुई चर्चा।
Tue, Oct 12, 2021
कोरबा जिले के उपनगरीय क्षेत्र बाल्को नगर रिंग रोड स्थित बाल्को पूर्वांचल विकास समिति अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा के कार्यालय में पूर्वांचल विकास समिति के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक आहूत की गई जिसमें आगामी छठ पर्व हेतु बालको स्थित विभिन्न छठ घाटों के सौंदर्यीकरण किए जाने को लेकर चर्चा की गई, तथा इस हेतु बालको प्रबंधन को भी पत्राचार के माध्यम से सूचित कर बालको छठ के सौंदर्यीकरण की मांग करने विषय पर पूर्वांचल विकास समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों के बीच सहमति बनी। इस मौके पर पूर्वांचल विकास समिति अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, सचिव नागेंद्र राय, कोषाध्यक्ष राजकुमार यादव समेत तकरीबन 35 से 40 पूर्वांचल विकास समिति के कार्यकर्ता व सदस्यगण मौजूद रहे।
: बुरी नियत से घर के अंदर घुसकर बांह पकड़ने वाला आरोपी जेल दाखिल
Tue, Oct 12, 2021
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - बुरी नियत से देर रात घर के अंदर घुसकर लड़की के बांह पकड़ने के आरोप में नवागढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह राठौर ने अरविन्द तिवारी को बताया दिनांक 29/04/21को प्रार्थिया द्वारा लिखित आवेदन पेश कर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि दिनांक 28/04/21 को रात ग्यारह बजे वह अपने लड़की के साथ घर अंदर सोयी थी। उसी समय गांव का दीपक कश्यप आंगन के दीवाल से कूदकर कमरे अंदर आ गया और गलत काम करने की नियत से लड़की हाथ बांह पकडने लगा , लड़की के चिल्लाने पर वह भाग गया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में अपराध 182/21 धारा 456 , 354 , 506 बी भादवि कायम कर विवचना में लिया गया । आरोपी घटना के बाद से फरार था । दिनांक 11/10/21 को प्रकरण के फरार आरोपी दीपक कश्यप रायपुर सिलतरा में काम कर रहा है कि सूचना मिलने पर जांजगीर चांपा पुलिस अधीक्षक महोदय प्रशांत सिंह ठाकुर (भा द वि) , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा(रापुसे) तथा उप पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर परमा के कुशल निर्देशन तथा आरोपी के तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश पर थाना प्रभारी नवागढ़ देवेश सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर मुखबीर के बताये गये स्थान पर जाकर रेड किया गया। वहां आरोपी दीपक कश्यप पिता छन्नू ऊर्फ फूकू कश्यप उम्र 27 वर्ष साकिन तुलसी थाना नवागढ़ को पकड़कर हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर आज दिनांक 12/10/21 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। उपरोक्त कार्यवाही थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह राठौर के नेतृत्व में हुआ , जिसमें उपनिरीक्षक योगेश पटेल , सउनि रामदुलार साहू , आरक्षक रामदेव साहू , दिलीप कश्यप , अर्जुन यादव , साईबर आरक्षक चिरंजीव का सराहनीय योगदान रहा।
: छग के मुख्य न्यायाधीश अरूप कुमार ने ली शपथ
Tue, Oct 12, 2021
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - महामहिम राज्यपाल अनुसुईया उइके ने न्यायाधीपति अरूप कुमार गोस्वामी को आज राजभवन के दरबार हॉल में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। इसके पूर्व गोस्वामी आंध्रप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद पर पदस्थ थे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शपथग्रहण के बाद उन्हें पुष्पगुच्छ भेंटकर शुभकामनायें दीं , वहीं राज्यपाल ने मुख्य न्यायाधीश को शाल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। इस समारोह में मुख्य न्यायाधीश अरूप कुमार गोस्वामी की धर्मपत्नी डॉ. नीलाक्षी गोस्वामी सहित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण उपस्थित थे। शपथ ग्रहण समारोह के प्रारंभ में प्रदेश के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने कार्यक्रम का संचालन और राष्ट्रपति के वारंट का वाचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल , गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू , खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अमरजीत भगत , मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू , पुलिस महानिदेशक डी.एम. अवस्थी , राज्यपाल के सचिव अमृत कुमार खलखो सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं हाईकोर्ट के अधिवक्तागण उपस्थित थे। गौरतलब है कि आंध्रप्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के नये चीफ जस्टिस बनाये गये हैं। वहीं बिलासपुर हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस प्रशांत मिश्रा आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस नियुक्त किये गये हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की अनुशंसा पर शनिवार को केंद्र सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी की थी। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने बीते 16 सितंबर को देश भर के हाईकोर्ट के आठ न्यायाधीशों की पदोन्नित करने के साथ ही 28 जजों को ट्रांसफर करने की अनुशंसा की थी। इसके साथ ही पांच हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के स्थानांतरण करने की भी अनुशंसा की गई थी। इसमें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का नाम भी शामिल था।