: ध्वनि विस्तार के प्रयोग पर कड़ी पाबंदी लगाने की मांग किया पालक संघ ने
Fri, Feb 24, 2023
कोरबा पैरेंट्स एसोसिएशन ने एडीएम जितेन्द्र सिंह पाटले और पुलिस अधीक्षक से मिलकर ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर पाबंदी लगाने की मांग किया है। सभी स्कूल में सोमवार से बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षाएं प्रारंभ होने जा रही है। लगभग प्रत्येक घर में स्कूली बच्चे परीक्षाओं के लिए कड़ी मेहनत कर रहे है। ऐसे में शादी व अन्य कार्यक्रम में डी. जे. धमाल आदि के तेज आवाज के कारण बच्चों के परीक्षा तैयारियों में विघ्न उत्पन्न हो रहा है। कोरबा शहर के अधिकांश मैरिज हॉल और सामूदायिक भवन आवासीय क्षेत्री के बीच स्थित है जहां ध्वनि विस्तारक यंत्रों के असीमित उपयोग से स्कूली बच्ची की एकाग्रता भंग हो रही है ये ठीक से पढ़ाई नही कर या रहे है। माननीय सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देश का कड़ाई से पालन नही हो रहा है। बिना अनुमति के हर गली मोहल्ले में तेज आवाज मे साउंड सिस्टम बजाया जा रहा है जिससे अभिभावक परेशान हो रहे हैं।
एसोशिएशन के अध्यक्ष नूतनसिंह ठाकुर ने परीक्षा अवधि तक ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग पूर्णतः बंद करने की मांग किया है साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग के निगरानी एवं पालकों की शिकायत पर कार्यवाही के लिए वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति की मांग किया है।
: छग के नये राज्यपाल हरिचंदन ने ली शपथ
Thu, Feb 23, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित गरिमामय समारोह में आज विश्व भूषण हरिचंदन ने छत्तीसगढ़ के नये राज्यपाल के रूप में अपने पद की शपथ ली। उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायधिपति न्यायमूर्ति अरूप कुमार गोस्वामी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल , पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि के अलावा प्रथम महिला श्रीमती सुप्रभा हरिचंदन भी उपस्थित रहीं। राज्यपाल बिश्वभूषण हरिचंदन के छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण उपरांत प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिवादन किया और शुभकामनायें दी।
संक्षिप्त परिचयछग के नये राज्यपाल बिश्वभूषण हरिचंदन का जन्म 03 अगस्त 1934 को ओड़िशा के खोरधा जिले के बानपुर में हुआ था। इन्होंने वर्ष 1971 में जनसंघ के साथ अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था और जेपी मूवमेंट के दौरान ये जेल भी गये। इसके बाद ये वर्ष 1977 में जनता पार्टी गठित होने तक वे जनसंघ के आंध्र महासचिव रहे। हरिचंदन जनसंघ के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य भी रहे। वर्ष 1980 से 1988 तक वे बीजेपी की प्रदेशाध्यक्ष भी रहे। इन्होंने वर्ष 2004 में आंध्रप्रदेश की बीजेपी और बीजेडी सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी का भी निर्वहन किया। हरिचंदन ओड़िशा के भुवनेश्वर और चिल्का विधानसभा से पांच बार विधायक रह चुके हैं। सबसे पहले वर्ष 1977 में वे विधायक बने , इसके बाद वर्ष 1990 , 1996 , 2000 और 2004 में विधायक चुने गये। वे चार बार मंत्री रहे , इस दौरान राजस्व , कानून , ग्रामीण विकास , उद्योग , खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम व रोजगार, आवास, संस्कृति , मत्स्यपालन व पशुपालन विभागों की जिम्मेदारी सम्हाली। ये जनसंघ के समय के दमदार नेता के साथ-साथ कानून के जानकार और साहित्यकार भी हैं। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2019 से 2023 तक आंध्रप्रदेश के 23वें राज्यपाल के रूप में जिम्मेदारी निभाई।छग के राज्यपालों की सूचीदिनेश नंदन सहाय – 01 नवम्बर 2000 – 01 जून 2003 तक। कृष्ण मोहन सेठ – 02 जून 2003 – 25 जनवरी 2007 तक। ईएल नरसिम्हा – 25 जनवरी 2007 से 23 जनवरी 2010 तक। शेखर दत्त 23 जनवरी 2010 से 14 जुलाई 2014 तक।
बलरामजी दास टण्डन – 18 जुलाई 2014 से 14 अगस्त 2018 तक।आनंदीबेन पटेल (अतिरिक्त प्रभार) – 15 अगस्त 2018 से 16 जुलाई 2019 तक और अनुसुइया उइके – 17 जुलाई 2019 से 21 फरवरी 2023 तक।
: बालको स्थानीय समुदाय के बच्चों के लिए लाया खुशियों की सौगात
Thu, Feb 23, 2023
बालकोनगर, 23 फरवरी 2023। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) अपने वार्षिक ‘विश ट्री’ अभियान के माध्यम से आसपास रहने वाले परिवारों के बच्चों के लिए खुशियों की सौगात लाया। यह पहल स्थानीय समुदाय में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की ‘उपहार इच्छाओं’ को इकट्ठा करके उन्हें बालको सामुदायिक विकास विभाग के माध्यम से पूरा किया गया।
‘विश ट्री’ के दूसरे संस्करण में 400 से अधिक ‘उपहार इच्छाओं’ को एकत्रित किया गया। इन इच्छाओं को पूरा करने के लिए 200 से अधिक बालको कर्मचारी और बालको लेडीज़ क्लब के सदस्यों ने स्वेच्छा से आगे आकर सहयोग प्रदान किया। बच्चों को उनकी उम्र और व्यक्त इच्छाओं के अनुसार महत्वपूर्ण उपहार जैसे पेंसिल बॉक्स, कपड़े, स्कूल बैग एवं अन्य सामान वितरित किए गए।
दिव्य ज्योति स्कूल और बाल गृह (चाइल्ड केयर होम) के दिव्यांग बच्चों की इच्छाओं को पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया गया। विश ट्री अभियान बालको में एक वार्षिक परंपरा बन गया है जो आसपास के समुदाय के सदस्यों के जीवन पर सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। अपनी सामुदायिक विकास पहलों परियोजनाओं के माध्यम से बालको सक्रिय रूप से अपने संयंत्र के आसपास 123 गांवों में रहने वाले लगभग 1.5 लाख लोगों के जीवन में बदलाव ला रहा है।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने कहा कि बालको अपने सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए समर्पित है। हमारे कर्मचारियों ने हमेशा जरूरतमंद लोगों को सहयोग और उनका समर्थन करने के लिए एक मजबूत प्रतिबद्धता दिखाई है। कंपनी समुदाय में प्रत्येक व्यक्ति को जरूरी आवश्यक संसाधनों के साथ सक्षम बनाने में विश्वास रखता है। इसलिए हमारे विभिन्न सामुदायिक विकास कार्यक्रम साझा प्रगति के लिए व्यापक दृष्टि से जुड़े हुए हैं।
‘विश ट्री’ पहल के अलावा बालको कर्मचारी प्रोजेक्ट कनेक्ट के माध्यम से स्थानीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समर्थन कर रहे हैं। वर्ष 2016 में शुरू ‘परियोजना कनेक्ट’ का उद्देश्य स्थानीय विद्यार्थियों में विज्ञान, अंग्रेजी, गणित और लेखा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समुदाय की जरूरतों को पूरा करना है। परियोजना मुख्य रूप से बालको कर्मचारियों तथा स्वयंसेवी शिक्षकों के माध्यम से छात्रों के ग्रेड में सुधार, शिक्षकों की क्षमता निर्माण और करियर परामर्श के लिए एक सक्षम वातावरण बनाकर सरकारी स्कूलों में सीखने के माहौल में सुधार लाने पर केंद्रित है। 9वीं, 10वीं कक्षा के लिए नियमित और उपचारात्मक कक्षाओं से लगभग 2500 छात्र लाभान्वित हुए।
सामुदायिक विकास में बालको की सफलता को आईसीसी सोशल इम्पैक्ट अवार्ड, सबेरा अवार्ड 2021 और 2022, सीएसआर उत्कृष्टता के लिए प्रतिष्ठित महात्मा अवार्ड 2022, तीसरे एमएचएम इंडिया समिट 2023 में उनके प्रोजेक्ट नई किरण के लिए मासिक धर्म स्वास्थ्य प्रबंधन पर सर्वश्रेष्ठ सीएसआर पहल पुरस्कार जैसे सम्मानों के माध्यम से मान्यता मिली है।
-------------------------