: जिला प्रशासन के दिशानिर्देश पर बालको ने कराया छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण
Wed, Jun 12, 2024
बालकोनगर, 11 जून, 2024।* वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने जिला प्रशासन के दिशा निर्देशानुसार अपने संयंत्र परिसर और चोटिया कोयला खादान में स्कूल के छात्र एवं छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण कराया। विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि तथा देश के औद्योगिक विकास को व्यापक रूप से समझने के लिए शैक्षणिक भ्रमण का कार्यक्रम आयोजित की गई।
कोरबा जिलाधिकारी अजीत वसंत के दिशा-निर्देशन में जिले के विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। बच्चे इंजीनियरिंग व विज्ञान के विभिन्न पहलुओं को देखकर सीख सकें। लगभग 240 छात्रों ने अलग-अलग दल में बालको का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस तरह के भ्रमण से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक और तकनीकी एवं नवाचार की सोच विकसित होगी। क्लासरूम से बाहर जाकर बड़े-बड़े औद्योगिक कार्यस्थल के अवलोकन से शिक्षा के प्रति उनकी अभिरूचि भी बढ़ेगी।
कंपनी में आने वाले सभी विद्यार्थियों को पूरे संयंत्र का भ्रमण कराया जिसमें कंपनी के महत्वपूर्ण कार्यों को विस्तार से बताया गया। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक संयंत्र प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए प्रचालन की जानकारी को समझने का प्रयास किया। बालको के स्मेल्टर, कास्ट हाउस और विद्युत संयंत्र का अवलोकन कर छात्र बेहद प्रभावित हुए। बालको की विभिन्न इकाइयों के अधिकारियों ने छात्रों को बालको के उत्पादन, उत्पादकता और कार्य शैली की विस्तार से जानकारी दी।
छात्रों के संयंत्र भ्रमण पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने कहा कि युवा हमारे देश के भविष्य हैं। कंपनी भ्रमण से युवाओं के बीच औद्योगिक प्रचालन की समझ विकसित होगी। छात्र कंपनी के नई तकनीक से प्रभावित होकर विज्ञान क्षेत्र से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे। शैक्षिक भ्रमण से बच्चों में ज्ञान प्राप्त करने के साथ ही नई-नई तकनीकों की विशेषज्ञता के बारे में गहरी समझ तथा आगे चलकर तकीनीकी क्षेत्र में सफलता अर्जित करने में सहायक होगी।
शासकीय हाईस्कूल मदवानी विकास खंड करतला, जिला कोरबा के प्राचार्य बलराज कश्यप ने कहा कि कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए आवश्यक है। विद्यार्थियों को बालको कंपनी में एल्यूमिनियम का उत्पादन, संग्रहण एवं विभिन्न शैक्षिक पहलू पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा संयंत्र से संबंधित किये गए सभी सवालों का सटीक और विस्तारपूर्वक जवाब दिया गया।
विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें बालको संयंत्र में आकर बहुत अच्छा महसूस हुआ। शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से उन्हें एल्यूमिनियम एवं बिजली उत्पादन के सम्बंध में बारीकी से जानकारी प्राप्त हुई। साथ ही बालको में टीम भावना और परस्पर सहयोग जैसे विभिन्न पहलुओ को समझने का अनुभव मिला। बालको के चोटिया कोयला खादान में अन्य छात्र-छात्राओं ने खदान का भ्रमण किया। उन्होंने खुले कोयला खादान का अवलोकन किया जो उनके लिए अभूतपूर्व अनुभव था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को खदान से कोयला उत्खनन के साथ ही आधुनिक तकनीकी मशीनों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
------------------------------------------------------
: शादी डाट काम में नौकरी के नाम पर ठगी करने का आरोपी जेल दाखिल
Tue, Jun 11, 2024
जांजगीर चाम्पा - शादी डाट काम में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने के आरोपी को नवागढ़ पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस प्रकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा ने अरविन्द तिवारी को बताया प्रार्थी रामचरण यादव निवासी मिसदा के द्वारा थाना नवागढ़ आकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि क्रांति कश्यप , शरद कश्यप , योगेश्वर के द्वारा शादी कॉम में नौकरी लगवाने के नाम पर धोखा देकर इंडसंड बैंक में झारखंड ले जाकर प्रार्थी का खाता खुलवाया और प्रार्थी से 5000 रूपये भी लिये। खाता खुलवाने के बाद उक्त खाता के एटीएम को आरोपीगण अपने पास रख लिये। खाता में अत्यधिक पैसे ट्रांजेक्शन होने से और मोबाइल में मैसेज आने से प्रार्थी के द्वारा आरोपियों को पूछा गया कि इतना पैसा कैसे ट्रांजेक्शन हो रहा है , तब आरोपीगण के द्वारा तुम्हारा नौकरी लगेगा उससे मतलब रखो बोलकर कुछ नही बताये। जल्द तुम्हारा नौकरी लगवा देंगे बोले। जब प्रार्थी को यह एहसास हुआ कि इसके खाता का गलत उपयोग हो रहा है तब वह बलौदाबाजार जाकर अपने खाता को बंद करवा दिया। प्रार्थी के खाता में ठगी के रकम 521000 रूपये को अपने पुराने खाता में रख लिया। तब आरोपियों के द्वारा डरा धमकाकर प्रार्थी से 468000 रूपये को वापस ले लिये। जिस पर से थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 108/23 धारा 420 , 384 , 34 भादवि. कायम कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में आरोपी योगेश्वर , क्रांति कुमार कश्यप , शरद कश्यप की पूर्व में ही गिरफ्तारी हो चुकी है। उक्त आरोपियों से पूछताछ करने पर बताया कि ओमप्रकाश श्रीवास निवासी कुरियारी के साथ मिलकर ये लोग घटना को अंजाम देते थे और लोगो से ठगी करते थे। जो पैसा मिलता था उसको किराए में लिये अकाउंट में डलवाते थे और खा पीकर मौज मस्ती करते थे। पुलिस अधीक्षक महोदय जांजगीर चाम्पा विवेक शुक्ला (भापुसे.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार जायसवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी नवागढ़ पामगढ़ अनिल कुर्रे के मार्गदर्शन में आरोपी ओमप्रकाश को पकड़ने हेतु मुखबिर तैनात किया गया था। मुखबिर की सूचना पर ओमप्रकाश श्रीवास निवासी कुरियारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किया गया , उन्होंने बताया कि किराये के अकाउंट से ठगी के पैसे का जो हिस्सा मिला उसको अपने साथियों के साथ खा पीकर मौज मस्ती किया है। एवं एक अपाचे मोटर सायकल ओमप्रकाश के द्वारा खरीदा गया था जिसे जप्त किया गया है। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से नवागढ़ पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त प्रकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा , एस आई रमेश एक्का , प्रधान आरक्षक स्वाति गिरोलकर , राधेश्याम पूर्णा , आरक्षक टूकेश्वर डड्सेना , संजय टंडन , श्याम कुमार शांतेय , सायबर से विवेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।गिरफ्तार आरोपी -ओमप्रकाश श्रीवास पिता संतोष श्रीवास निवासी कुरियारी थाना शिवरीनारायण जिला जांजगीर चाम्पा छत्तीसगढ़।
: गुम बालिकाओं को बरामद करने में नवागढ़ पुलिस को मिली सफलता
Tue, Jun 11, 2024
जांजगीर चाम्पा - जिले के नवागढ़ पुलिस को दस माह और छह माह पूर्व बालिकाओं के गुम (अपहृत) के दो अलग - अलग प्रकरणों में बालिकाओं को जम्मू कश्मीर से बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल हुई है। दोनों अपहृत बालिकाओं को पुलिस ने सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया है , वहीं प्रकरण में शामिल विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को नवागढ़ पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर किशोर न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा ने अरविन्द तिवारी को बताया पुलिस अधीक्षक महोदय जांजगीर चांपा विवेक शुक्ला (भापुसे.) के निर्देशन में गुम बालक बालिकाओं का पतासाजी के लिये लगातार अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार जायसवाल एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिल कुर्रे के कुशल मार्गदर्शन में गुम बालक बालिकाओं की लगातार पातासाजी की जा रही थी। जिसमे थाना नवागढ़ के दो प्रकरण में गुम बालिकाओं का जम्मू तरफ जाने का लोकेशन प्राप्त होने से थाना नवागढ़ से टीम बनाया गया। जिसमे प्रधान आरक्षक प्रेमलाल दिवाकर , आरक्षक जनक कश्यप , महिला आरक्षक नीता महंत के टीम को जम्मू कश्मीर तरफ रवाना किया गया। जहां पर पहले प्रकरण की अपहृता 26 अक्टूबर 2023 को बिना बताये अपने घर से अज्ञात व्यक्ति के बहलाने फुसलाने से कही चली गई थी। जिस पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 320/23 धारा 363 आईपीसी कायम कर विवेचना में लिया गया था। अपहृता का लोकेशन जम्मू तरफ मिलने से टीम के द्वारा जम्मू में बरामद किया गया। पूछताछ पर अपहृता के द्वारा बताया गया की अपहृता को नाबालिक बालक के द्वारा शादी का झांसा देकर भागकर ले गया था। जिस पर विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक के विरुद्ध थाना नवागढ़ में धारा 363 , 366 , 376 भादवि 4, 6 पाक्सो एक्ट कायम कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया , जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेजा गया। वहीं एक अन्य प्रकरण में अपहृता 10 जनवरी 2024 को अपने गांव से बिना बताये कही चली गई थी , जिस पर से थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 14/24 धारा 363 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। अपहृता को जम्मू कश्मीर के पास से बरामद किया गया जाकर उसके परिजनों को सकुशल सुपुर्द किया गया है। प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। उक्त प्रकरण में थाना प्रभारी भास्कर शर्मा , प्रधान आरक्षक प्रेम लाल दिवाकर , स्वाति गिरोलकर , आरक्षक जनक कश्यप , महिला आरक्षक नीता महंत , साइबर सेल से प्रधान आरक्षक विवेक सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।