: एटीएम कार्ड बदलकर दो लाख रूपये धोखाधड़ी करने के दो आरोपी जेल दाखिल
Tue, Sep 12, 2023
कोरबा - एटीएम कार्ड बदलकर दो लाख रूपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतर्राज्यीय एटीएम फ्राड गिरोह के दो आरोपियों को घटना के महज तीन घंटे के भीतर कोरबा पुलिस ने नाकेबंदी से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कांफ्रेंस हाल में पत्रकारों से मामले का खुलासा करते हुये नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा रॉबिनसन गुडिया ने बताया गत दिवस ग्यारह सितंबर को प्रार्थी आशीष कांत पाल पिता अवनीकांत पाल उम्र 67 वर्ष निवासी नेहरुनगर एमआईजी-71 चौकी मानिकपुर जिला कोरबा के द्वारा पुलिस चौकी सीएसईबी थाना सिविल लाईन रामपुर जिला कोरबा में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि प्रार्थी बालको प्लांट से सेवानिवृत्त कर्मचारी है। प्रार्थी के नाम पर आईसीआईसीआई बैंक टीपी नगर कोरबा में खाता है , उक्त खाते में प्लेटिनम डेबिट कार्ड आवंटित हुआ है। अपने निजी कार्य हेतु रकम की आवश्यकता होने पर ग्यारह सितंबर को सुबह लगभग दस बजे बुधवारी बाजार कोरबा स्थित एसबीआई एटीएम में रकम आहरण करने गया था। एटीएम में रकम आहरण करने के लिये जैसे ही मैने अपना एटीएम कार्ड मशीन मे डाला , उसके बाद एटीएम मशीन में कुछ एरर आ गया तथा मेरे द्वारा दिये गये कमाण्ड को नही ले रहा था। उसी समय एक लड़का एटीएम कक्ष में आकर प्रार्थी को बोला कि आपके कार्ड में कोई गड़बड़ी हो गई होगी , मैं अपना कार्ड डालकर देखता हूँ कहकर प्रार्थी के एटीएम कार्ड उसने मशीन से निकाला और अपना कार्ड डालकर देखा। किन्तु उसमें भी एरर बताने लगा , फिर वह लड़का प्रार्थी के एटीएम कार्ड को लौटाते हुये एक कार्ड दिया और चला गया। कुछ देर में प्रार्थी के मोबाईल पर एक लाख रूपये आहरण हो जाने का मैसेज आया , तब तत्काल बैंक प्रबंधन को फोन कर अपना कार्ड ब्लॉक करने हेतु सूचना दिया। इसी दौरान पुनः एक लाख रुपये खाते से आहरण हो गया। फिर प्रार्थी को एहसास हुआ कि बुधवारी एटीएम में मिला लड़का उनकी मदद करने के बहाने छलपूर्वक एटीएम कार्ड को बदलकर अपना कार्ड दे दिया और प्रार्थी के एटीएम कार्ड से दो लाख रूपये आहरण कर धोखाधड़ी किया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 412/2023 धारा 420.120 (बी) मा०य०वि० पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुये तत्काल घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक कोरबा उदय किरण , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा अभिषेक वर्मा , नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा रॉबिनसन गुडिया एवं थाना प्रभारी सिविल लाईन रामपुर साथ में प्रभारी सायबर सेल कोरबा को दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर सेल की टीम चौकी प्रभारी सीएसईबी उप निरीक्षक नवीन पटेल द्वारा अपने अधिनस्थ स्टाफ आरक्षक देवनारायण कुर्रे , गोपीराम दिव्य , हेराम चौहान को साथ लेकर घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर संदिग्ध आरोपियों की पहचान तत्परता से किया गया। टीम के द्वारा कोरबा जिले के सम्पूर्ण थाना / चौकी क्षेत्र में नाकेबंदी कराया गया तथा संदिग्धों का फोटोग्राफ विभागीय तौर पर प्रसारित किया गया , चेकिंग के दौरान पुलिस थाना कटघोरा क्षेत्र में निरीक्षक अश्वनी राठौर , सउनि रफीक खान , आरक्षक महेन्द्र चन्द्रा , रमेश कश्यप के द्वारा आरोपीगण के पुनः ठगी करने के प्रयास में पंजाब नेशनल बैंक एटीएम के पास एक आरोपी विक्रम उर्फ संदीप जाट को पकड़ा गया। जिनके अन्य साथियों की पतासाजी के दौरान दुसरा आरोपी शाहिद खान को बस से लुकछिप कर भागने के दौरान ग्राम बरीदखार गुरसिया थाना बांगो क्षेत्र में यातायात पुलिस चेकिंग पार्टी क्रमांक 02 में पदस्थ सउनि सुदामा पाटले , प्रधान आरक्षक साहेबराम खटकर , आरक्षक आलोक पाण्डेय , संतोष रात्रे की टीम द्वारा पकड़ा गया है। पकड़े गये आरोपीगण शाहीद खॉन एवं विक्रम गोदारा से पृथक-पृथक पूछताछ पर पता चला है कि उक्त अपराधियों के द्वारा इस अपराध के अतिरिक्त महारानी बाग थाना क्षेत्र नई दिल्ली में सत्तर हजार रूपये का , पुलिस थाना गोविन्दपुरी क्षेत्र नई दिल्ली में आर्म्स एक्ट के तहत , पुलिस थाना रेवाडी दिल्ली एनसीआर. में पचासी हजार रूपये , पुलिस थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र पानीपथ दिल्ली एनसीआर. में एक लाख चौंतीस हजार रूपये , पुलिस थाना बगरू जिला जयपुर राजस्थान में अस्सी हजार रूपये एवं निवाड़ी जिला अलवर राजस्थान तीस हजार रूपये तथा पैंसठ हजार रूपये के दो मामले , पुलिस थाना मुजेसर जिला फरीदाबाद (हरियाणा) में तीन - चार बार तथा पुलिस थाना 28 सेक्टर जिला फरीदाबाद (हरियाणा) में एक बार पुलिस थाना समालखा जिला पानीपथ क्षेत्र में दो लाख रुपये का एटीएम फ्रॉड का अपराध घटित करना स्वीकार किया है। अभी गत दिवस दस सितंबर को अंबिकापुर में चालीस हजार रुपये एवं कोरबा बुधवारी बाजार में प्रार्थी से दो लाख रुपये को एटीएम कार्ड बदलकर आहरण कर ठगी करना भी स्वीकार किये है। आरोपीगण के कब्जे से घटना घटित करने हेतु लाये गये कुल 47 नग पुराने एटीएम कार्ड तथा प्रार्थी से ठगी किया दो लाख रुपये मुताबिक जप्ती पत्रक के पुलिस ने जप्त कर लिया है। चौकी पुलिस सीएसईबी थाना सिविल लाइन रामपुर कोरबा पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में संयुक्त पुलिस टीम में साइबर सेल कोरबा , चौकी सीएसईबी थाना सिविल लाईन रामपुर , थाना कटघोरा , यातायात पुलिस की सराहनीय भूमिका रही है।गिरफ्तार आरोपी -शाहीद खान (हुसन) पिता आमीन उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम धागोट पो.आ. अलावलपुर थाना चांदहट पलवल जिला पलवल (हरियाणा) और विकम गोदारा उर्फ संदीप पिता स्व० अशील कुमार जाति जाट उम्र 34 साल निवासी ग्राम सुरखपुर (सुर्खपुर) पो.आ. जोनडीह थाना दुजाना जिला झझर (हरियाणा)
: बालको में समाचार भारती न्यूज़ 24 ने किया शिक्षकों को सम्मानित
Tue, Sep 12, 2023
कोरबा जिले के उपनगरीय क्षेत्र बालको स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में समाचार भारती न्यूज़ 24 की टीम के द्वारा वृक्षारोपण का कार्यक्रम रखा गया तदुप्रांत शिक्षक सम्मान समारोह में एक ही मंच पर विभिन्न शालाओं से पधारे शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
उक्त कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम कार्यक्रम में पधारे समस्त शिक्षक व शिक्षिकाओं तथा अतिथियों के द्वारा सरस्वती वंदना कर दीप प्रज्वलित कर भारत के भूतपूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन व सरस्वती मां के तैलीचित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
उक्त कार्यक्रम में समाचार भारती news24 की पूरी टीम ने समाचार भारती न्यूज़ 24 के बैनर तले बालको क्षेत्र के समस्त शिक्षक व शिक्षिकाओं को एक मंच पर बुलाकर उन्हें सम्मानित किया, इस मौके पर पूर्व संसदीय सचिव भाजपा लखन लाल देवांगन व नगर पालिका निगम कोरबा नेता प्रतिपक्ष भाजपा नेता हितानंद अग्रवाल उपस्थित हुए तथा उनके करकमलों द्वारा शिक्षकों को श्रीफल, स्मृति चिन्ह, कलम इत्यादि भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।
उक्त कार्यक्रम में समाचार भारती की टीम के प्रधान संपादक मुकेश भारती ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंच का कुशल संचालन किया। तो वही कार्यक्रम का आभार व्यक्त चैनल के क्राइम रिपोर्टर व संभाग में अपनी भूमिका प्रदान करने वाले संवाददाता राजकुमार यादव ने की।
उक्त कार्यक्रम में समाचार भारती news24 की टीम के संवाददाता पुरुषोत्तम साहू को उनके कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका अदा करने पर पूरी टीम के द्वारा सम्मानित किया गया। उक्त कार्यक्रम भाजपा नेता लखन लाल देवांगन के द्वारा समाचार भारती news24 की पूरी टीम को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
उक्त कार्यक्रम में 24 शासकीय व अशासकीय शालाओं से पधारे तकरीबन 55 शिक्षक व शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। उक्त कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि श्रीमती मानसी चौहान (सी.सी. & पी.आर. हेड, भारत अल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड, बालको वेदांता ग्रुप) रही। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रीति चकियार (डीपीओ, महिला बाल विकास विभाग कोरबा), श्रीमती मनोकांत पॉल (प्राचार्य, शासकीय स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, बालको), श्रीमती निरुपमा तिवारी (प्राचार्य, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 5 बालको), श्री तरुण राठौर(सी.एस.सी, लाल घाट संकुल, शिक्षा विभाग कोरबा, शहरी) व अनिल रात्रे (बी.आर.सी, शिक्षा विभाग कोरबा, ग्रामीण) रहे।
समाचार भारती न्यूज़ 24 द्वारा आयोजित उक्त कार्यक्रम को उपस्थित समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं ने सराहा तथा भूरी भूरी प्रशंसा की।
उक्त कार्यक्रम में समाचार भारती न्यूज़ 24 के समस्त सदस्यों ने सफल बनाने में अहम योगदान दिया, जिसने मुख्य रूप से राजकुमार यादव, दौलत ठाकुर, पुरुषोत्तम साहू व कानूनी सलाहकार संतु साहू का अहम योगदान रहा। जिसे लेकर समाचार भारती न्यूज़ 24 के प्रधान संपादक मुकेश भारती ने अपनी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
तो वहीं समाचार भारती न्यूज़ 24 की पूरी टीम उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने में फूलदास महंत (कांग्रेस नेता व कांग्रेस पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री, कोरबा) के सलाह व सहयोग की भूमिका के प्रति भी अपना आभार व्यक्त करती है।
src="https://samacharbhartinews.in/wp-content/uploads/2023/09/IMG-20230912-WA0012-300x138.jpg" alt="" width="300" height="138" class="alignnone size-medium wp-image-7625" />
: वेदांता का 'प्रोजेक्ट पंछी' सामाजिक-आर्थिक रूप से वंचित लड़कियों को बनाएगा सशक्त
Sat, Sep 9, 2023
बालकोनगर, 08 सितंबर, 2023। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने वेदांता के 'प्रोजेक्ट पंछी' को किया लॉन्च, जिसका उद्देश्य देश के ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक रूप से हाशिये पर रह गए समुदायों की 1000 युवा लड़कियों के जीवन में बदलाव लाना है। वेदांता समूह के चेयरमैन श्री अनिल अग्रवाल की समाज को वापस देने की सोच को साकार करते हुए भर्ती अभियान इन लड़कियों को प्रगति के नए अवसर प्रदान करेगा। इस परियोजना से लड़कियां आर्थिक एवं सामाजिक बाधाओं को पार कर अपनी शिक्षा पूरी करने तथा स्थायी आजीविका हासिल करने में सफल होंगी।
पंछी परियोजना के शुभारंभ कार्यक्रम में 86 लड़कियों को चयन पत्र दिया गया। इन युवतियों में कई पहली पीढ़ी की शिक्षार्थी हैं जो आर्थिक परिस्थितिओं के कारण 12वीं के बाद अपनी पढ़ाई छोड़ चुकी थी। चयनित लड़कियों को वेदांता लिमिटेड के एल्यूमिनियम व्यवसाय के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी श्री दिलीप सिन्हा और बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार के नेतृत्व में चयन पत्र दिया गया।
प्रोजेक्ट पंछी कंपनी के अन्य व्यावसायिक स्थानों जैसे, ओडिशा के लांजीगढ़, झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ में भी चल रहा है। सबसे उपयुक्त उम्मीदवारों का चयन सुनिश्चित करने के लिए वेदांता ने प्रत्येक स्थान पर विशेष चयन प्रक्रिया लागू की है। चयनित होने के बाद इन बेटियों को ख्याति प्राप्त शैक्षिक संस्थानों से उनकी उच्च शिक्षा को मान्यता दिया जाएगा और डिग्री मिलने के बाद औपचारिक रूप से मुख्य संचालन में स्नातक प्रशिक्षुओं के रूप में वेदांता समूह में शामिल किया जाएगा।
बालको के सीईओ राजेश कुमार ने कहा कि वेदांता समूह ने स्वावलंबन के क्षेत्र में ‘पंछी’ परियोजना से अनूठी शुरुआत की है, जो बेटियों को उनके अधूरे सपनों को साकार करने का रास्ता दिखाएगी। वेदांता समूह ने सामुदायिक विकास कार्यों के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना विकास जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इस परियोजना से हम एक उज्जवल भविष्य की तैयारी कर रहे हैं, जहां ये सशक्त बेटियां अपने जीवन और आसपास के समाज को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। वेदांता समूह के चेयरमैन श्री अनिल अग्रवाल के मार्गदर्शन में वेदांता प्रतिभाओं की तलाश करने और उन्हें देश के विकास में योगदान के लिए तैयार करने की दिशा में कटिबद्ध है।
वेदांता एल्यूमिनियम बिजनेस के सीएचआरओ श्री दिलीप सिन्हा ने कहा कि प्रोजेक्ट पंछी वेदांता में विविधता को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण को मजबूत करेगा। लड़कियों को शिक्षा और पेशेवर अवसरों तक पहुंच प्रदान करके वेदांता समूह उनके विकास पथ को नई दिशा दे रहा है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि इससे हमारी बेटियां सशक्त होंगी और समाज को आगे लेकर जाएंगी। ये बेटियां वेदांता के भीतर सकारात्मक बदलाव और नवाचार के लिए उत्प्रेरक बनेंगी और हमारी सामूहिक सफलता को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगी।
प्रोजेक्ट पंछी में चयनित सुधा के पिता प्रमोद मानिकपुरी ने वेदांता के प्रति साधुवाद देते हुए कहा कि अभिभावक के रूप में मैंने हमेशा बच्चों को शिक्षा और विकास के सर्वोत्तम अवसर प्रदान करने का सपना देखा था। आर्थिक परिस्थितियों के कारण मेरे सपने टूट से गए थे, लेकिन 'प्रोजेक्ट पंछी' आशा की किरण के रूप में सामने आया है। इससे मेरी बेटी को स्नातक की पढ़ाई पूरी करने और नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। यह पहल हमारे जैसे परिवारों के लिए एक जीवन रेखा है जो हमारी बेटी को नई उंचाईयों तक लेकर जाएगी।
बेलगरी बस्ती की निशा पात्रे ने वेदांता समूह के चेयरमैन श्री अनिल अग्रवाल के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की पहल हमें सशक्त बनने में मदद करेगी। पंछी परियोजना के इस कार्यक्रम ने मुझे आगे बढ़ने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया है। अब मैं ऐसे भविष्य की आशा कर रही हूं जहां मैं अपने सपनों को प्राप्त करने तथा परिवार वालों की आर्थिक मदद करने और एक उज्जवल एवं समृद्ध कल के लिए मंच तैयार कर सकूं। मैं आत्मनिर्भरता की इस परिवर्तनकारी यात्रा का हिस्सा बनकर खुश हूं, जिसका वादा 'प्रोजेक्ट पंछी' ने मुझसे किया है।
प्रोजेक्ट पंछी सामाजिक सशक्तिकरण और विविधता के प्रति वेदांता समूह की प्रतिबद्धता का प्रतिनिधित्व करता है जो पूरे भारत में इसके विभिन्न व्यवसायों में फैला है। यह परियोजना ग्रामीण समुदाय के भीतर विविधता, समावेशन को बढ़ावा देने और सामाजिक बदलाव लाने के वेदांता के लक्ष्य को दर्शाती है। यह वंचित, दूरदराज के समुदायों में योग्य बेटियों के लिए अवसर प्राप्ति के साथ स्थायी आजीविका के अवसर पैदा करके धातु एवं खनन क्षेत्र के भीतर जेंडर डायवर्सिटी को बढ़ावा देती है।