: ठिठुरन से बचाने चौक चौराहो पर जलाया गया अलाव
Sun, Dec 10, 2023
कोरबा 8 दिसम्बर 2023/ हल्की बारिश के पश्चात बढ़ी ठंड और ठिठुरन को देखते हुए कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने चौक चौराहो सहित महत्वपूर्ण स्थानों में अलाव जलाने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में नगर पालिक निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगाई ने शहर के प्रमुख चौक चौराहो पर अलाव जलवाया है। शहर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक, ट्रांसपोर्ट नगर चौक और कोरबा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों में लकड़ी के अलाव की व्यवस्था की गई है। अलाव जलने से शहर के अनेक लोग इन स्थानों पर आग ताप रहे हैं।
शीतलहर जैसी स्थिति निर्मित होने और ठंड बढ़ने से बहुत से लोगों को घर से बाहर ऐसे ही अलाव की आवश्यकता महसूस हो रही थी। जरूरी काम से घर से बाहर निकलने वालों को अपने आसपास जलते हुए अलाव मिलने पर वे अपनी हथेलियों को सेंकते हुए नजर आने लगे हैं। कलेक्टर ने मौसम में हुए बदलाव को देखते हुए सभी को सतर्क रहने और स्वास्थ्य पर ध्यान देने की अपील भी की है। उन्होंने आवश्यकता अनुसार सभी महत्वपूर्ण स्थानों और आवाजाही वाले स्थलों सहित निगम के जोन में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
: प्राकृतिक खेती और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के संबंध में किसानों को मिली जानकारी
Sun, Dec 10, 2023
कोरबा 09 दिसम्बर 2023/ कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 15 नवम्बर 2023 से 26 जनवरी 2024 तक विभिन्न केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के आवरण में किसानों को शामिल करने के लिए ‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ कार्यक्रम फेस - 3 का आयोजन आज 09 दिसम्बर 2023 को कृषि विज्ञान केन्द्र कटघोरा में कोरबा में जिला प्रशासन के निर्देशन एवं अन्य विभागों के सहयोग से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का उद्बोधन कृषकों के लिये ऑनलाईन माध्यम से एलईडी पर प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में मृदा स्वास्थ्य कार्ड एवं प्राकृतिक खेती संबंधित विषयों पर वीडियों प्रसारण के द्वारा कृषकों को जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान कृषि पर आधारित प्रश्नोत्तरी आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। केन्द्र की योजनाओं से लाभ प्राप्त किये कृषकों के व्यक्तिगत अनुभव को प्रधानमंत्री से साक्षात/प्रत्यक्ष रूप से साक्षा किया गया। केन्द्र के योजनाओं के लाभार्थी सफल कृषकों के अनुभव से अन्य कृषकों को भी प्रेरणा मिली।
केन्द्र के योजनाओं के लाभार्थी सफल कृषक एवं सामाजिक रूप से निर्बल महिलाएं, विद्यार्थी व आर्थिक रूप से कमजोर भारत के नागरिको द्वारा अपने अनुभव को इस मंच से साझा किया गया जिससे अन्य नागरिको को भी प्रेरणा मिली। कार्यक्रम में श्री डाकेश्वर शुक्ला,श्री राजेन्द्र टंडन एवं श्री अजय द्विवेदी,सहायक संचालक श्री देवेंद्र कंवर सहित अन्य विभागों के अधिकारियो/कर्मचारियों, कृषि विज्ञान केन्द्र कोरबा के अधिकारियों,कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में जिले के कृषकों की उपस्थिति रही। जिला प्रशासन के निर्देशन एवं अन्य विभागों के सहयोग तथा समन्वय से इस कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक कृषि विज्ञान केन्द्र, कटघोरा, कोरबा द्वारा किया गया।
: प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना: 10 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान
Sun, Dec 10, 2023
कोरबा 07 दिसंबर 2023/ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना 2023 के अंतर्गत 07 दिसंबर से 10 दिसंबर 2023 तक विशेष अभियान का आयोजन किया जाएगा। योजना में भारत शासन के नियमानुसार निर्धारित पात्रता मापदण्ड में आने वाले सभी पात्र हितग्राहियों का सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके तहत पात्र परिवारों में प्रथम बच्चे के जन्म पर दो किश्तों में राशि 05 हजार रूपए तथा द्वितीय बालिका संतान होने पर एक मुश्त राशि 06 हजार रूपए दिए जाने का प्रावधान है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना 07 दिसंबर 2023 से 10 दिसंबर 2023 तक विशेष पंजीयन अभियान के दौरान हितग्राहियों का पंजीयन, प्रकरणों का सत्यापन, प्रकरण का एम्यूनाईजेशन अप्रूवल, प्रकरणों का पेमेंट अप्रूवल, प्रकरणो का पेमेंट जनरेशन, शून्य पंजीयन आंगनबाड़ी केंद्रों में पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर पंजीयन करना तथा हितग्राहियों के आधार से बैंक खाता लिंक कराने का कार्य किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी परियोजना अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा किया जाएगा।