: डॉ. अंबेडकर जयंती को भारतीय संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाएंगे : महिलांगे
Tue, Apr 11, 2023
कोरबा। संयुक्त आयोजन समिति कोरबा के तत्वाधान में बोधिसत्व बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 132वीं जयंती भारतीय संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाने का आयोजन 14 अप्रैल को अंबेडकर ओपन थिएटर घंटाघर में किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोरबा कलेक्टर संजीव कुमार झा एवं अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक यू उदयकिरण करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीजे शंखपुष्पी भतपहरी, डीएफओ अरविंद पी., कटघोरा एडीएम विरेन्द्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, जिला पंचायत सीईओ नूतन सिंह कंवर, नगर पालिक निगम के आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अविनाश मेश्राम, कोरबा एसडीएम सीमा पात्रे, हरिशंकर पैकरा, शिवकुमार बैनर्जी, कौशल तेन्दुलकर होंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष यूआर महिलांगे, महासचिव प्रवीण पालिया ने बताया कि सभी समाज के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। संयुक्त समाज के बैनर तले कार्यक्रम में सभी समाज के लोग उपस्थित रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम रेडियो सिंगर कलाकार यशवंत सतनामी के द्वारा व सम्मान समारोह का आयोजन मंचीय कार्यक्रम रात्रि 8 बजे से किया जाएगा।
0 13 अप्रैल को होंगे विविध आयोजन
पर्यावरण एवं स्वच्छता संदेश, महिलाओं के आंदोलन को लेकर रंगोली प्रतियोगिता 13 अप्रैल को सूर्यवंशी बुद्ध विहार बुधवारी में प्रात: 9.30 बजे से 10.30 बजे तक किया जाएगा। चित्रकला व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी इसी दिन किया जाएगा। भारतीय संविधान का महत्व एवं उपयोगिता को लेकर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन दोपहर में किया जाएगा। इसके साथ ही भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
0 भव्य होगा शोभायात्रा का आयोजन
यूआर महिलांगे ने बताया कि 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे डीजे, बैंडबाजा व धुमाल के साथ सीतामणी चौक से शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा पुराना बस स्टैण्ड, पॉवर हाऊस रोड, टीपी नगर, सीएसईबी चौक, बुधवारी बाजार से होते हुए सीएसईबी विद्युत गृह से सुभाष चौक होते हुए घंटाघर ओपन थिएटर में समाप्त होगी। रैली में सभी समाज के लोग शामिल होंगे इसलिए संयुक्त आयोजन समिति के माध्यम से कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
: शिवसेना छत्तीसगढ़ उद्धव बालासाहेब ठाकरे ने छत्तीसगढ़ बंद का किया समर्थन
Mon, Apr 10, 2023
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में हिंदू युवक के मुस्लिम कट्टरपंथी लोगों द्वारा की गई जघन्य हत्या के विरोध में एवं इन कट्टरपंथियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाए जाने के लिए छत्तीसगढ़ बंद का शिवसेना ने भी समर्थन किया एवं कोरबा जिले में शिव सैनिकों ने ध्यानचंद चौक रूमगरा से लेकर दर्री, बाल्को आईटीआई चौक,निहारिका , एवं कोरबा में बंद का समर्थन मांगा जिसमें क्षेत्र के व्यवसायियों एवं नागरिकों ने अपना सहयोग प्रदान किया एवं इन क्षेत्रों में बंद शत-प्रतिशत सफल रहा इस बंद में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी रवि मैजरवार, जिलाध्यक्ष रामकुमार साहू संभागीय संगठन महामंत्री रमेश श्रीवास, बालको जोन अध्यक्ष शेर बहादुर छत्रिय, उपाध्यक्ष दुर्गेश अहिरवार ई-रिक्शा सेना जिला अध्यक्ष राजा केसरवानी, जिला उपाध्यक्ष दया सिंह, कटघोरा विधानसभा अध्यक्ष विनय भारिया वार्ड क्रमांक 16 अध्यक्ष दिलीप यादव वार्ड क्रमांक 42 से कृष्णकांत यादव सहित भरी संख्या में शिवसैनिक एवं आमजन शामिल रहे।
: बालको अस्पताल ने सर्पदंश पीड़ित बालक की बचायी जान
Sun, Apr 9, 2023
बालकोनगर, 9 अप्रैल, 2023। बालके अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक सिन्हा के अगुवाई में डॉ जया और आईसीयू टीम ने सर्पदंश के शिकार एक बच्चे की जान बचाई। कोरबा जिले के बेलाकछार ग्राम निवासी गंगा और शत्रुघ्न चौहान के 3 वर्षीय पुत्र सत्या चौहान को खेलने के दौरान विषधर सांप करैत ने दंश मार दिया था। हालत बिगड़ने पर मरीज को बेहोशी की नाजुक स्थिति में परिजनों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों ने सत्या की जिंदगी की आस छोड़ दिए थे लेकिन इसी बीच बालको अस्पताल में तैनात डॉक्टर जया और उनकी टीम ने अपने प्रयासों और उचित उपचार से बच्चे की जान बचाई। बच्चे को अस्पताल में चेतनाहीनता की अवस्था में भर्ती कराया गया था। डॉ जया ने बताया कि सांप काटने के स्थान पर दाँतों के निशान काफी हल्के थे । डॉ ने बताया कि सर्पदंश से पीड़ित बच्चे को कुल 15 वायल एंटी वेनम लगाया गया एवं करीब दो दिन के इलाज के बाद बच्चे को पूरी तरह ठीक कर उसे हॉस्पिटल से रिलीज कर दिया गया।
बालको अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक सिन्हा ने कहा कि हमारे डॉक्टर्स हमेशा ही प्रयास करते हैं कि मरीजों को उचित उपचार मिले। गंभीर स्थिति में भी डॉक्टरों ने मरीज की जान बचाई जिससे मुझे काफी खुशी है। उन्होंने कहा कि सर्पदंश के मामले में किसी प्रकार की भ्रांति में ना रहे और ना ही झाड़-फूंक के चक्कर में पड़े। सर्पदंश का प्राथमिक उपचार शीघ्र करना चाहिए। अतः विषैले साँप के काटे जाने पर बिना घबराये तुरन्त ही नजदीकी अस्पताल जाना चाहिये जहां एंटी वेनम उपलब्ध हो।
सत्या की मां गंगा चौहान ने कहा कि 'सांप काटने के बाद मैं बालको अस्पताल में अपने बच्चे को लेकर आई। यहां के डॉक्टरों की वजह से मेरा बच्चा मौत के मुंह से वापस आ पाया है। मैं इतनी खुश हूं कि मेरे पास यहां के डॉक्टरों की तारीफ करने के लिए शब्द नहीं है। डॉक्टर भगवान के रूप होते हैं और सच में भगवान ने मेरे बच्चे को बचा लिया। मरीज के परिवारजनों ने बताया कि बालको अस्पताल की सुविधाएं उत्कृष्ट हैं।