: रकम दुगुना करने का झांसा देकर ठगी करने के दो आरोपी जेल दाखिल
Wed, Mar 13, 2024
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टसरगुजा - रकम दुगुना करने का झांसा देकर ठगी करने के दो आरोपियों को थाना मणीपुर पुलिस ने कवर्धा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रमुख मोबाइल बरामद करते हुये आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस संबंध में मिली जानकारी अनुसार प्रार्थी संजय दास साकिन मेंड्राकला द्वारा गत दिवस 11 मार्च को थाना मणीपुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि प्रार्थी एवं प्रार्थी के रिश्तेदार को कवर्धा का नारायण साहू एवं योगदत्त साहू मिलकर एक्सपर्ट एफेक्स कम्पनी का होना बताकर डेढ़ वर्षो मे रकम दुगना करने का झांसा देकर फ़ोन पे एवं नगद के माध्यम से विगत 08 नवम्बर 2022 एवं दिनांक 17 नवम्बर 2022 को कुल 165000 रुपये लेकर छलपूर्वक ठगी कारित किये हैं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामले मे अपराध क्रमांक 78/24 धारा 420, 34 भादवि.का अपराध दर्ज कर विवेचना मे लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा सायबर सेल से आरोपियों के संबंध मे तकनीकी सहायता प्राप्त कर आरोपियों की गिरफ़्तारी हेतु पुलिस टीम को कवर्धा रवाना किया गया था। पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले के आरोपियों की घेराबंदी कर पकड़कर पूछताछ किया गया तो आरोपियों द्वारा अपना नाम नारायण साहू उम्र 26 वर्ष निवासी रमेली थाना पिपरिया जिला कवर्धा और योगदत्त साहू उम्र 42 वर्ष निवासी नवघटा थाना पिपरिया जिला कवर्धा का होना बताया गया। आरोपियों से घटना के संबंध मे पूछताछ किये जाने पर उन्होंने बताया गया कि आरोपीगण वर्ष 2022 मे ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते थे। आरोपीगण मिलकर एक्सपर्ट एफेक्स कम्पनी का प्रचार प्रसार कर अन्य व्यक्तियों कों जोड़कर कम्पनी मे रकम निवेश करने पर डेढ़ वर्षो मे रकम दुगनी करने का झांसा देकर ठगी कारित किया जाता था। इस मामले में प्रार्थी से भी रकम दुगना करने के नाम पर 165000 रुपये की ठगी कारित की गई थी। आरोपियों के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया गया है। आरोपियों द्वारा अपराध घटित करना स्वीकार किये जाने पर अपराध सबूत पाये जाने से मणीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। इस सम्पूर्ण कार्यवाही मे थाना मणीपुर से प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, राजेंद्र तिर्की, सैनिक अनिल साहू का सराहनीय योगदान रहा।
: नवपदस्थ एएसपी उमेश कश्यप ने किया पदभार ग्रहण
Wed, Mar 13, 2024
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टबिलासपुर - जिले के नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बिलासपुर उमेश कुमार कश्यप ने आज अपने कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया। जहां निवर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल सहित कई पुलिसकर्मियों ने गुलदश्ता देकर उनका आत्मीय स्वागत किया। बताते चलें लोकसभा चुनाव के पहले विगत दिवस छत्तीसगढ़ शासन गृह विभाग ने एक साथ कई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों का तबादला आदेश जारी किया था , इस आदेश में कई जिलों में एएसपी प्रभावित हुये हैं। इसी कड़ी में उमेश कुमार कश्यप अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर को तत्काल प्रभाव से अस्थाई रूप से आगामी आदेश पर्यन्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जिला बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है। ये राज्य पुलिस सेवा वर्ष 2007 में पुलिस विभाग में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर चयनित हुये। इन्होंने अपनी सेवायें राजनांदगांव , कवर्धा , जगदलपुर जिले में उप पुलिस अधीक्षक के रूप में तथा माननीय मुख्यमंत्री सुरक्षा के अलावा जिला बिलासपुर और जशपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर रहते हुये अपने दायित्व का कुशलता पूर्वक निर्वहन किया है। आज पुनः अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर)बिलासपुर के पद पर पदभार ग्रहण किया गया है। पदभार ग्रहण करने के बाद नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने संक्षिप्त चर्चा के दौरान अरविन्द तिवारी को बताया कि आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्षता के साथ पूर्ण करना होगा। उन्होंने कहा कि न्यायधानी में चोरी और नशाखोरी पर अंकुश लगाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। पुलिस कानून व्यवस्था शांति एवं सद्भाव को बनाये रखने के साथ हिंसा-अपराध की रोकथाम के लिये संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। पुलिस सरकार का सबसे मजबूत उपकरण है । जिले में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिये हर संभव प्रयास किया जायेगा छोटे बड़े सभी प्रकार के अपराधों पर निष्पक्ष एवं त्वरित कानूनी कार्रवाई के अलावा आमजन के साथ अच्छा व्यवहार किया जायेगा। पुलिसकर्मी अपने ध्येय वाक्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय के साथ – साथ जागरूकता, महिला उत्पीड़न तथा बाल अपराधों की रोकथाम के लिये सदैव तत्पर है। शहर में कानून व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान रखा जायेगा। वहीं असामाजिक तत्व एवं गुंडा तत्वों के खिलाफ भी सख्ती से कार्यवाही की जायेगी एवं नशे के कारोबार एवं पूर्ण तरह अंकुश लगाया जायेगा। जिले के सक्रिय अपराधियों पर नकेल कसने व वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि आमजन पुलिस के पास अपनी फरियाद लेकर आते हैं, जो हर शिकायत गंभीर होती है। इसलिये प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर उस पर कार्य किया जायेगा। हमारा प्रयास रहेगा कि हम आम जनमानस के साथ मिलकर एक विशेष अभियान चलाकर जिले को नशे से पूर्णता मुक्त बनायेंगे। जहां जहां अवैध नशे का कारोबार जारी होगा वहां योजनाबद्ध तरीके से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और मार्गदर्शन में कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने यह भी कहा है यह किसी व्यक्ति के पास कोई भी गैरकानूनी कार्य करने की जानकारी हो तो वह उनसे साझा कर सकते हैं , उन्हें सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जायेगा।
: माताओं एवं बहनों का कल्याण डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता - पीएम मोदी
Mon, Mar 11, 2024
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - जब मातायें , बहनें सशक्त होती है तो पूरा परिवार सशक्त होता है। आज मुझे नारी को सशक्त बनाने वाली महतारी वंदन योजना को समर्पित करने का सौभाग्य मिला है। भाजपा सरकार ने सत्तर लाख से ज्यादा महिलाओं को एक हजार रुपये हर महीने देने का वादा किया था , उन्होंने आज अपना वादा पूरा करते हुये पहली किस्त जारी कर दी है। आज महतारी वंदन योजना के तहत छह सौ पचपन करोड़ रूपये की पहली किस्त जारी की गई है और मैं स्क्रीन पर देख रहा हूं कि लाखों बहनों के दर्शन हो रहे हैं। अलग - अलग स्थानों से आपसे आशीर्वाद प्राप्त करना यह भी सौभाग्य है। आज मुझे आपके बीच पहुंचना चाहिये था लेकिन अलग - अलग कार्यक्रमों की वजह से आज उत्तरप्रदेश में हूं , कल राता बाबा विश्वनाथ को प्रणाम करते हुये सभी देशवासियों की भलाई के लिये प्रार्थना की है। बाबा विश्वनाथ की धरती से मैं आप सभी से बात कर रहा हूं , महिलाओं के खातों में अब हर महीने पैसे आते रहेंगे। डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता हमारी माताओं - बहनों का कल्याण है।
उक्त बातें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की पहली किस्त वर्चुअली जारी कर संबोधित करते हुये कही। पीएम मोदी ने 70 लाख 12 हजार 800 पात्र आवेदकों को योजना के पहले चरण में 655 करोड़ 57 लाख रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की है , इस योजना के तहत विवाहित हितग्राही महिलाओं को एक - एक हजार रुपये मिलेंगे। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जय जोहार के साथ उद्बोधन की शुरूआत करते हुये मां दंतेश्वरी, मां बम्लेश्वरी और मां महामाया को आदरपूर्वक प्रणाम करते हुये छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों को भी प्रणाम किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में एक करोड़ से ज्यादा लखपति दीदी बन चुकी है , यह एक बड़ी आर्थिक शक्ति बन गई है। हमने संकल्प कर लिया है कि देश की अब तीन करोड़ लखपति दीदी बनायेंगे। गर्भवति महिलाओं को पांच हजार रुपये की मदद मिल रही है , हर घर में आज महिलाओं के लिये इज्जत घर है। बीजेपी ने अपने वादा पूरा किया है , बीजेपी सरकार के बनने के कम समय में महतारी योजना का वादा पूरा हुआ है। हमने गारंटी दी थी कि 18 लाख पक्के घर बनायेंगे , सरकार बनने के दूसरे दिन ही काम शुरू कर दिया गया। किसानों को दो साल का बकाया बोनस मिला और धान खरीदी का वादा भी सरकार ने पूरा किया है। पीएम ने आगे कहा आज परिवार को पक्का घर मिल रहा है वो भी महिलाओं के नाम पर, उज्ज्वला का सस्ता सिलेंडर मिल रहा है वो भी महिलाओं के नाम पर। पचास प्रतिशत से अधिक जनधन खाते वो भी महिलाओं के नाम पर। पैंसठ प्रतिशत से ज्यादा मुद्रा लोन भी महिलाओं ने लिया है खासकर नौजवान बेटियों ने। पिछले दस वर्षों में हमारी सरकार ने सेल्फहेल्प ग्रूप के माध्यम से दस करोड़ से अधिक महिलाओं का जीवन बदला। उन्होंने कहा हमारी सरकार के प्रयासों से अब तक एक करोड़ से ज्यादा लखपति दीदी बन गई हैं। गांव गांव में इतनी बड़ी आर्थिक शक्ति बन गई है। इस सफलता को देखते हुये हमने बड़ी छलांग लगाने का फैसला किया। हमने अब संकल्प किया कि देश की तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य पूरा करेंगे। नमो ड्रोन दीदी योजना पर भी हम काम करेंगे। आप कल दस ग्यारह बजे जुड़ें आप देखें नमो ड्रोन दीदी कैसा कमाल कर रही हैं। सरकार बहनों को ड्रोन भी देगी, ड्रोन पायलेट की ट्रेनिंग भी देगी। प्रधानमंत्री ने कहा परिवार समृद्ध तब होता है जब परिवार स्वस्थ होता है। परिवार स्वस्थ तभी होता है जब घर की महिलायें स्वस्थ होती हैं। पहले गर्भ के दौरान माता शिशु की मृत्यु बड़ी चिंता होती थी। इस पर हमने काम किया। पहले शौचालय नहीं होने की वजह से माताओं को अपमान सहना पड़ता था। इससे महिलाओं को बीमारी से मुक्ति मिली है। उन्होंने कहा सरकार बनने के इतने कम समय में महतारी वंदन योजना का वायदा पूरा हुआ इसके लिये मैं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनकी टीम को जितनी बधाई दूँ उतनी कम है। मोदी की गारंटी का मतलब होता है गारंटी पूरी होने की गारंटी। हमने छत्तीसगढ़ की खुशहाली की जो गारंटी दी थी उसे पूरा करने के लिये हमारी सरकार लगातार काम कर रही हैं। हमने गारंटी दी थी कि अठारह लाख पक्के घर का निर्माण करेंगे। सरकार बनने के दूसरे ही दिन साय कैबिनेट ने इस पर काम शुरू कर दिया। छत्तीसगढ़ के धान किसानों को दो साल के बकाया बोनस की गारंटी दी थी। छत्तीसगढ़ की डबल इंजन सरकार इसी तरह से आपकी हर गारंटी पूरी करेगी।पीएम के ताकत से हमारी ताकत दुगुनी हो गई है - सीएम सायइस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पीएम मोदी ने अपना बहुमूल्य समय छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों हेतु महतारी वंदन योजना का शुभारंभ करने दिया, इसके लिये हम उनके प्रति आभारी हैं। उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों को जिस दिन का बेसब्री से इंतजार था, वह दिन आज आ गया है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री ने आप लोगों को गारंटी दी थी कि छत्तीसगढ़ में यदि हमारी सरकार बनती है तो हम महतारी वंदन योजना शुरू करेंगे। आज 70 लाख 12 हजार 600 महिलाओं के बैंक खातों में पहली किश्त का अंतरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सनातन परंपरा कहती है- यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमन्ते तत्र देवताः।। अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवता वास करते हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से इस ध्येय वाक्य को धरातल पर मूर्त रूप दिया गया है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया यह मजबूत कदम छत्तीसगढ़ की आधी आबादी के सपनों को पूरा करने की दिशा में बड़ी छलांग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप शक्ति-स्वरूपा हैं, आप राष्ट्र की निर्माता हैं। आपका योगदान अनमोल है, यह महतारी वंदन योजना आप लोगों को छोटा सा अर्पण है। पीएम मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य देश के सामने रखा है , इसके लिये विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण बहुत जरूरी है। आप लोग जितनी सशक्त होंगी, हमारा देश और प्रदेश भी उतना ही सशक्त होगा। आज प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, पीएम मोदी की ताकत से हमारी भी ताकत दोगुनी हो गई है , इस ताकत को बनाये रखना है। वे तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, उनको अपनी ताकत देकर आपको देश और प्रदेश की ताकत बढ़ाना है।