: बावन तास पत्ती से जुआ खेलने के पांच आरोपी गिरफ्तार
Thu, Feb 22, 2024
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टबलौदाबाजार भाटापारा - मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर रेड कार्यवाही करते हुये सोनपुरी रोड भरसेला भांठा में रूपये पैसे की दांव लगाकर तास पत्ती से जुआ खेलने वाले पांच आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने जुआ एक्ट , छग जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा के तहत गिरफ्तार कर कार्यवाही की है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक लखेश केंवट ने अरविन्द तिवारी को बताया गत दिवस 19 फरवरी को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिला कि कुछ जुआड़ियान सोनपुरी रोड भरसेला भांठा में बावन पत्ती तास से रूपये पैसे का हार जीत का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर घेराबंदी कर रेड किया आरोपीगण के पास एवं फड़ से कुल 23000 रूपये एवं बावन पत्ती तास जप्त किया गया। जिले में अवैध जुआ सट्टा खेलने वालों के विरूद्ध कार्यवाही एवं त्वरित रोकथाम हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली के अपराध क्र 134/2024 धारा 13 जुआ एक्ट, छग जुआ प्रतिषेध अधि. 2022 की धारा 3(2) के तहत आरोपीगणों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। उपरोक्त कार्यवाही में सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक लखेश केंवट एवं प्रधान आरक्षक संतराम बंजारे, आरक्षक हेमन्त नायक, अजय यादव, अभिनव चौबे, टीका पाल सहित सिटी कोतवाली स्टाफ एवं सायबर सेल स्टाफ का विशेष योगदान रहा।गिरफ्तार आरोपीगण -तेज सिंह साहू पिता ईयाराम साहू उम्र 41 वर्ष निवासी कमल कालोनी वार्ड क्र. 19 बलौदाबाजार थाना सिटी कोतवाली , देवेन्द्र फेकर पिता होरेलाल फेकर उम्र 31 वर्ष निवासी दुर्गा चौक बलौदाबाजार थाना सिटी कोतवाली , शईक खान ऊर्फ बाबा पिता शहदुला खान उम्र 36 वर्ष निवासी नयापारा दुर्गा चौक बलौदाबाजार थाना सिटी कोतवाली , रामेश्वर पटेल पिता स्व. नकुलराम उम्र 33 वर्ष निवासी लवन रोड बलौदाबाजार थाना सिटी कोतवाली और विजय वर्मा पिता नरसिंह वर्मा उम्र 43 वर्ष निवासी नहर पारा बलौदाबाजार थाना सिटी कोतवाली , जिला - बलौदाबाजार भाटापारा।
: केन्द्रीय गृहमंत्री का छग दौरा कल , कार्यकर्त्ताओं को देंगे जीत का मंत्र
Thu, Feb 22, 2024
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल 22 फरवरी को एकदिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे कोण्डागांव , जांजगीर चांपा और बिलासपुर में होने वाले भाजपा की क्लस्टर बैठक में शामिल होकर लोकसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ पदाधिकारियों , प्रभारी और सहप्रभारी की बैठक लेकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे और लोकसभा के तीनों क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र देंगे। गृह मंत्रालय की तरफ से जारी कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री अमित शाह कल 22 फरवरी को दोपहर बारह बजे दिल्ली से रवाना होकर दोपहर एक बजे कोंडागांव पहुंचेंगे। कोंडागांव स्थित ऑडिटोरियम में करीबन घंटे भर तक बस्तर क्लस्टर बैठक में शामिल होने के बाद जांजगीर-चांपा के लिये रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर साढ़े तीन बजे जांजगीर हाईस्कूल मैदान में आयोजित रायपुर क्लस्टर मीटिंग में शामिल होने के बाद बिलासपुर के लिये रवाना होंगे। यहां साढ़े चार बजे से आयोजित प्रबुद्धजनों की संगोष्ठी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे राजधानी के लिये रवाना होंगे और वहां रायपुर एयरपोर्ट से शाम छह बजे दिल्ली के लिये रवाना हो जायेंगे।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन ने देश भर की लोकसभा सीटों को 146 क्लस्टरों में विभाजन किया है। वहीं छत्तीसगढ़ को तीन कलस्टरों में बांटा गया है और तीनों क्लस्टरों की जिम्मेदारी तीन पूर्व मंत्रियो को दी गई है। इसमें रायपुर कलस्टर की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री राजेश मूणत को दी गई जिसमें रायपुर क्लस्टर के तहत दुर्ग, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा लोकसभा आयेगा। वहीं बिलासपुर क्लस्टर का संयोजक अमर अग्रवाल को बनाया गया है इसके तहत बिलासपुर, सरगुजा , रायगढ़, कोरबा सीटें आयेंगी। इसके आलावा बस्तर क्लस्टर की बात की जाये तो इसकी जिम्मेदारी पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर को दी गई है इसके तहत कांकेर , बस्तर, महासमुंद लोकसभा सीट है। बताते चलें बस्तर लोकसभा क्षेत्र में 1998 से लेकर 2019 तक 20 वर्ष भाजपा का कब्जा रहा था। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को यहां से कांग्रेस से लगभग 38 हजार वोटों से पराजित होना पड़ा था। इस समय प्रदेश के ग्यारह लोकसभा में से नौ सीटों पर भाजपा और दो सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है। बस्तर के अतिरिक्त कोरबा लोकसभा सीट कांग्रेस के पास है। चूकि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री का छत्तीसगढ़ में यह पहला प्रवास होगा। इस कारण भी गृहमंत्री अमित शाह के स्वागत में भाजपा कोई कसर न छोड़ना चाहती है। इस पर भाजपा नेताओं का विशेष ध्यान है और गृहमंत्री शाह छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीट जीत का उपहार देने का वादा कर पीएम मोदी के 'भाजपा 370 से इस बार 400 पार' के नारे को सफल बनने में अपनी अहम भूमिका निभाने के तैयारी में हैं। प्रदेश की राजनीति में अपना रोल रखने वाले दूसरी पार्टी के नेताओं को भी भाजपा अपनी ओर साधने की तैयारी में है।"
: आचार्य झम्मन शास्त्रीजी के सानिध्य में कल चांपा में आयोजित होगा करपात्रीजी निर्वाण दिवस
Thu, Feb 22, 2024
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चाम्पा - अभिनव शंकर सर्वभूतहृदय यतिचक्र चूड़ामणि स्वामी श्री हरिहरानंद सरस्वती जी महाराज (धर्म सम्राट स्वामी श्री करपात्री जी) का 42 वां निर्वाण आराधना पर्व कल माघ शुक्ल चतुर्दशी 23 फरवरी 2024 को पूरे राष्ट्र भर में श्रद्धापूर्वक आयोजित है। इस अवसर पर ऋग्वेदीय पूर्वाम्नाय गोवर्धन मठ पुरीपीठाधीश्वर अनंत श्रीविभूषित श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्रीनिश्चलानंद सरस्वतीजी महाराज के पावन मार्गदर्शन में धर्मसंघ , पीठ परिषद , आदित्यवाहिनी - आनन्दवाहिनी , राष्ट्रोत्कर्ष अभियान के तत्वावधान में विभिन्न प्रान्तों के प्रत्येक जिले में सत्संग , विचार गोष्ठी , रुद्राभिषेक , शिवार्चन , सहस्त्रार्चन , पूजन आराधना , भजन , वृक्षारोपण , फल वितरण , गौसेवा , सनातन संस्कृति संरक्षणार्थ , पर्यावरण शुद्धि , हिन्दुओं के प्रशस्त मानबिन्दुओं की रक्षा हेतु विविध भव्यतम कार्यक्रम आयोजित है। इसी कड़ी में प्रांतीय कार्यालय श्रीसुदर्शन संस्थानम् रायपुर में भी आचार्यों की उपस्थिति में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं जांजगीर चाम्पा जिला इकाई द्वारा श्रीत्रिलोकीनाथ मन्दिर शांतिनगर , रेलवे स्टेशन के समीप चाम्पा में पीठपरिषद् के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पुरी शंकराचार्यजी के कृपा पात्र शिष्य प्रख्यात अध्यात्मवेत्ता आचार्य झम्मन शास्त्रीजी के सानिध्य में सायं चार बजे से अध्यात्म गोष्ठी होगी। इसमें स्वामी करपात्रीजी के व्यक्तित्व के साथ ही उनकी रामराज्य पर अवधारणा पर सारगर्भित प्रवचन आचार्य प्रवर के श्रीमुख से श्रवण करने का सौभाग्य सुलभ होगा। धर्मसंघ पीठपरिषद्, आदित्यवाहिनी - आनन्दवाहिनी ने सभी श्रद्धालुओं से इस आराधना पर्व महोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है। वहीं संस्थानम् प्रांतीय कार्यालय ने समस्त पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर विस्तृत जानकारी शंकराचार्य आश्रम रायपुर में देने को कहा है।